- दिल्ली -देहरादून-इकॉनोमिक कॉरिडोर भूमि अधिग्रहण मामला
- एकमुश्त समाधान तक बिजली के कनेक्शन नहीं काटे जाएंगे
जनवाणी संवाददाता |
शामली: भाकियू अराजनैतिक के प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए कहा कि जनपद में राष्ट्रीय राजमार्ग दिल्ली-देहरादून इकॉनोमिक कॉरिडोर में किसानों को उचित मुवावजा नहीं मिला है। पिछले 8 वर्षों में जनपद में स्टांप की दर नहीं बढ़ाई गई, जिसके कारण किसानों को नुकसान हुआ है। पुनर्वास का लाभ किसानों को नहीं दिया गया है।
जब तक सभी लाभ किसानों को नहीं दिए जाते किसान अपनी जमीन पर कब्जा नहीं देगा। इस पर जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि किसानों के सही समस्याओं का समाधान किया जाएगा। जमीन के कब्जे में किसानों से कोई जबरदस्ती नहीं की जा रही है। आर्बिटेशन में गलतियों को सुधारा जाएगा।
गन्ने के भुगतान के लिए अन्य वस्तुओं के अलावा अधिक चीनी की बिक्री कराकर किसानों का भुगतान करने के प्रयास जारी है। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को बिल जमा करने में एकमुश्त समाधान योजना लागू रहने तक बकाया में कनेक्शन न काटे जाने के निर्देश दिए। चकबंदी विभाग को भी गांव में जाकर समाधान करने के प्रयास के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी के साथ वार्ता के दौरान भाकियू अराजनैतिक के चेयरमैन राजेंद्र मलिक, राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक, राष्ट्रीय सचिव जावेद तोमर, रामबीर ठेकेदार, धीरसिंह, गौरव मलिक, रोशन आदि मौजूद रहे।

