- गांव टोड़ा में पानी भरने और साफ-सफाई की शिकायत
जनवाणी संवाददाता |
ऊन: ब्लॉक क्षेत्र के गांव टोडा में साफ-सफाई न होने के कारण सड़कों पर पानी और कूड़ा जमा है जिस पर ग्रामीण ने मामले की शिकायत की लेकिन विभाग के कर्मचारियों ने शिकायत का फर्जी निस्तारण कर दिया। इस पर शिकायतकर्ता ने दोबारा शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
गांव टोडा में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। सफाई न होने के कारण सड़कों पर पानी व कूड़ा जमा है। गांव निवासी विकास गिल ने सफाई व्यवस्था की शिकायत की लेकिन ग्राम पंचायत सचिव द्वारा सफाई कर्मचारी न होने का हवाला देकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त होने की रिपोर्ट लगा दी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि ग्राम पंचायत सचिव ने आॅफिस में बैठकर फर्जी रिपोर्ट लगाई है जबकि मौके पर कोई साफ-सफाई नहीं हुई है। ग्राम पंचायत के खाते से धन भी निकाला गया। इस संबंध में शिकायतकर्ता ने दोबारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

