- जिले में गुरुवार से प्रारंभ हो रही श्रावण मास कावड़ यात्रा
जनवाणी संवाददाता |
शामली: श्रावण मास की कांवड़ यात्रा की उलटी गिनती प्रारंभ हो चुकी है। जनपद में इस सप्ताह 14 जुलाई से कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने जा रही है। लेकिन विद्युत विभाग की लापरवाही जगजाहिर हो रही है। लालूखेड़ी से कैराना यमुना ब्रिज तक कांवड़ मार्ग के किनारे अनेक विद्युत ट्रांसफार्मर अभी बैरिकेडिंग का इंतजार कर रहे हैं जबकि विभाग की ओर से लोहे के पोल पर पॉलीथीन तो लपेट दी लेकिन सीमेंट के पोल छोड़ दिए गए हैं।
हालांकि सीमेंट के पोल पर कोरोना काल से पूर्व 2019 की कांवड़ यात्रा में कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर पॉलीथीन लपेटी गई थी।
शामली जनपद में 14 जुलाई से श्रावण की कांवड़ यात्रा प्रारंभ हो रही है, जो 28 जुलाई तक जारी रहेगी। प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। जिस पर प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के लिए कमर कस रखी है।
जिलाधिकारी जसजीत कौर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक जिला स्तरीय अधिकारियों की मीटिंग में समय से कांवड़ यात्रा की तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दे चुके हैं। लेकिन बिजली विभाग की लापरवाही अभी तक साफ नजर आ रही है।

