- एलआईयू इंस्पेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जताया विरोध
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: कृषि कानून को निरस्त करने की मांग को लेकर एक युवा किसान नहर में उतर गया। उसके बाद उसने केन्द्र व प्रदेश सरकार को किसान विरोधी सरकार बताते हुए प्रदर्शन किया।
शुक्रवार को क्षेत्र के गांव डांगरौल निवासी राजन जावला नए कृषि कानूनों के विरोध में अर्द्धनग्न अवस्था में पूर्वी यमुना नहर में उतर गया। राजन ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए तीनों कानूनों को वापस लेने की मांग की। राजन का कहना था कि भारत में केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार मनमर्जी तरीकों से रोज नए नए कानून लाकर किसानों व आम आदमी का शोषण करने पर लगी हुई है।
गन्ने का भुगतान नही हो रहा है, बिजली के बिलों से किसान परेशान है, आवरा पशु किसानों की फसलों को तहस नहस कर रहे है। सरकार किसानों की समस्याओं को दूर करने के स्थान पर उनके ऊपर काले कानून थोपने पर लगी हुई है। राजन का कहना था कि अगर जल्द ही सरकार ने उनकी मांगे नही मानी तो वह उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। बाद में राजन ने एलआईयू इंस्पेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौपकर अपना प्रदर्शन समाप्त किया।

