साहसी युवकों ने कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को रस्सियों से जकड़ा
जनवाणी ब्यूरो |
चांदपुर: क्षेत्र के ग्राम खानपुर व कमालपुर के मध्य स्थित तालाब से निकलकर रात में 5 फीट लंबा मगरमच्छ रास्ते पर पहुंच गया। ग्रामीणों की जब नजर उस पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए।
इकट्ठा हुई भीड़ में 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को रस्सियों से बांध लिया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम मगरमच्छ को गाड़ी में डालकर ले गई और उसे गंगा नदी में छोड़ दिया।
ग्राम कमालपुर के तालाब में ग्रामीणों को कई दिनों से एक बड़ी-सी चीज दिखाई पड़ रही थी, लेकिन गग्रामीणों को यह पता नहीं था कि यह बड़ा मगरमच्छ है जो तालाब में तैर रहा है।
गुरुवार की रात्रि लगभग 12 बजे मगरमच्छ तनाव से निकलकर रास्ते पर पहुंच गया था। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले ग्रामीणों की रात में उस पर नजर पड़ी तो उसके होश उड़ गए।
भयभीत ग्रामीणों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर रात्रि में वहां पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पांच फीट लंबे मगरमच्छ को देखकर ग्रामीण उसके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
युवाओं ने मगरमच्छ को पकड़ने के लिए वन विभाग अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन वन विभाग अधिकारियों की ओर कोई संतोष जनक जवाब नहीं मिला।
वन विभाग कर्मियों की अनदेखी पर ग्रामीण युवक मगरमच्छ को पकड़ने की तैयारी में लग गए। युवको ने जान जोखिम में डाल कर करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को रस्सियों में बांध लिया।
रात में ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम में शामिल कर्मचारी ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए मगरमच्छ को गाड़ी में डालकर ले गए और उसे गंगा नदी के पानी में छोड़ दिया। मगरमच्छ के पकड़े जाने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

