जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: कोलकाता में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायक देबाशीष कुमार के घर और चुनावी दफ्तर पर आयकर विभाग ने कार्रवाई की, जिससे सियासी माहौल गरमा गया। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे दक्षिण कोलकाता के मनोहरपुर रोड स्थित उनके ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की गई। फिलहाल कार्रवाई की वजह स्पष्ट नहीं की गई है।
जमीन घोटाले में ED की नजर
सूत्रों के अनुसार, देबाशीष कुमार हाल ही में जमीन घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में भी शामिल रहे हैं। उन्हें कई बार पूछताछ के लिए बुलाया गया और उन्होंने एजेंसी के सामने जवाब भी दिए। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या उनका कारोबारी अमित गांगोपाध्याय के साथ कोई वित्तीय लेन-देन रहा है, जिनके ठिकानों पर हाल ही में छापे पड़े थे।
राशबेहारी विधानसभा सीट से उम्मीदवार
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब राशबेहारी सीट पर विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस सीट पर मतदान 29 अप्रैल को होगा और नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। भाजपा ने यहां वरिष्ठ लेखक और राजनीतिक विश्लेषक स्वपन दासगुप्ता को उम्मीदवार बनाया है।
IT रेड के दौरान हंगामा
आयकर कार्रवाई के दौरान देबाशीष कुमार के घर के बाहर तनाव देखने को मिला। टीएमसी कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हालात को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात किया गया।

