जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: द दून वैली पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने स्वामी कल्याण देव कन्या इंटर कॉलेज बघरा में आयोजित श्रीमती ममता चौधरी स्मृति वाद- विवाद प्रतियोगिता (द्वितीय) में द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त कर अपने विद्यालय का नाम रोशन किया। यह वाद- विवाद प्रतियोगिता इंजीनियर्स क्लब मुजफ्फरनगर द्वारा स्वामी कल्याण देव कन्या इंटर कॉलेज बघरा में आयोजित की गई थी जहां क्षेत्र के पन्द्रह से बीस विद्यालयों ने प्रतिभाग किया। जिसमें (भारत के चहुंमुखी विकास के लिए जनसंख्या नियंत्रण आवश्यक है या नहीं) विषय पर वाद विवाद किया गया।
जहां द दून वैली पब्लिक स्कूल की छात्राएं अक्षिता सिंघानिया, प्रियंवदा वर्मा , मनस्वी त्यागी ने सर्वाधिक आंकड़े प्रस्तुत कर द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त कर अपने विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इसी के साथ छात्राओं को नकद पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।
विद्यालय की ब्रांच हेड श्रीमती जसबीर कौर जी ने छात्राओं को शुभकामनाएं दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए बताया कि यह विद्यालय के लिए बहुत ही गौरव की बात है कि विद्यालय के छात्राएं अपने ही क्षेत्र में नहीं वरन अन्य क्षेत्रों में भी जाकर अपने विद्यालय व अभिभावकों का नाम रोशन कर रहीं हैं।

