- बाइपास पर वाहन दौड़ने से शामली में जाम से मिलेगी मुक्ति
- टपराना से मेपल्स एकेडमी तक एक और बाइपास का निर्माण
जनवाणी संवाददाता |
शामली: दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर ग्राम बलवा गेट से सांई मंदिर तक नौ किमी लंबे शामली बाइपास बलवा, ताजपुर सिंभालका, शामली, सेहटा तथा बनत के पास से होकर गुजर रहा है। बाइपास के लिए इन पांच गांवों के किसानों की 36.6344 हैक्टेयर भूमि कृष्णा कंस्ट्रक्शन कंपनी ने अधिग्रहण की थी। शामली बाइपास का निर्माण वैसे तो गत इस साल 31 मार्च तक ही पूरा हो जाना चाहिए था लेकिन प्रारंभ में भूमि अधिग्रहण में काफी अड़चनें आई।
किसान कम रेट पर भूमि देने के लिए तैयार नहीं हुए थे। अंत में शामली के पांच किसानों की असहमति के चलते शासन स्तर से भूमि अधिग्रहण के लिए नए रेट निर्धारित किए गए, तब जाकर भूमि अधिग्रहण होने से शामली बाइपास के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। शामली बाइपास पर ग्राम बलवा के दिल्ली-सहारनपुर रेलवे क्रासिंग पर फ्लाईओवर के अलावा मेरठ-करनाल हाइवे पर ग्राम ताजपुर सिंभालका पर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में चल रहा है।
सोमवार की प्रात: से ताजपुर सिंभालका के पास फ्लाईओवर पर प्रेशर क्रेनों से पिलर रखे जाने का कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ हो गया। संभावना है अगले एक-दो दिन के अंदर पिलर रख दिए जाएंगे। दूसरी ओर, बलवा क्रासिंग से सिंभालका तक करीब पांच किमी लंबे बाइपास पर रोडी और तारकोल डालकर प्रथम लेअर डाल दी गई है। साथ ही, फ्लाईओवर को सड़क से जोड़ने वाले एप्रोच रोड के लिए मिट्टी का कार्य चल रहा है।
दूसरी ओर, ग्राम सेहटा के पास भी फ्लाईओवर निर्माण का कार्य चल रहा है। संभावना है कि मार्च के अंतिम सप्ताह तक शामली बाइपास के निर्माण का कार्य पूर्ण हो जाए। बाइपास का निर्माण होने से शामली शहर के अंदर वर्तमान में जो जाम की समस्या बनी हुई है, उससे काफी हद तक निजात मिल जाएगी।
हालांकि मेरठ-करनाल हाइवे पर टपराना से दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर मेपल्स एकेडमी तक एक ओर बाइपास के निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस बाइपास के लिए केएस कालेज के पास दिल्ली-सहारनपुर रेलवे क्रासिंग पर फ्लाईओवर, आदर्श मंडी थाने के समीप, पूर्वी यमुना नहर पर पुल तथा बधैव कन्नूखेडा गांव के समीप फ्लाईओवर का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है।

