- धनतेरस से पहले सोना 80.700 तोला और चांदी पहुंची 99 हजार के पार
- दीपावली पर सोने और चांदी के सिक्कों से पूजन करने की है सदियों पुरानी परंपरा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: इजराइल की लेबनान व इजराइल के साथ चल रही जंग और बेरूत पर बरस रहे गोलों ने सोने चांदी कीमतों में आग लगा दी है। बाजार के जानकारों का कहना है कि युद्ध के अलावा सोने चांदी की कीमत में उछाल की बड़ी वजह शेयर मार्केट का टूटना, चीन के बैंक का रेट घटा देना और नवंबर में प्रस्तावित अमेरिकी में होने जा रहे राष्ट्रपति के चुनाव हैं।
हालांकि इसके बाद भी मेरठ के शहर सराफा समेत सोना चांदी के दूसरे कारोबारियों की बात करें तो उनका कहना है कि कीमतों के उछाल के बावजूद बाजार में ग्राहकों का फ्लो बना हुआ है, लेकिन इसका असर सेल पर पड़ गया है। वो ऐसे कि धनतेरस पर किसी ने 10 तौले की खरीदारी का प्लान बनाया तो कीमतों में उछाल ने उस 10 तौले के प्लान को घटनाकर सात या छह तोला कर दिया, लेकिन ऐसा नहीं है कि कीमतों का पार हाई होने से ग्राहकों की रफ्तार को ब्रेक लग गया हो। बुधवार को सोने का रेट 80,700 रहा और चांदी 99 हजार के पार जा पहुंची।
बुलियन टेÑडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने बताया कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच में सोना नए उच्च रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिकी चुनावों में अनिश्चितताओं के कारण, मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण और प्रमुख केंद्रीय बैंकों द्वारा ब्याज दरों में कटौती के बीच अपनी रिकॉर्ड तेजी को जारी रखते हुए, चांदी ने लगभग 12 साल के सर्वोच्च शिखर को छू लिया। स्पॉट सोना 0.6% बढ़कर $ 2,735.75 प्रति औंस पर पहुंच गया। अमेरिकी सोना वायदा 0.8% बढ़कर $ 2,751 पर पहुंच गया।
बुलियन की तेजी से हाजिर चांदी 1.2% बढ़कर 34.05 डॉलर प्रति औंस हो गई, जो 2012 के अंत के बाद से इसका उच्चतम स्तर है। मौजूदा बाजार के माहौल में ब्याज दरें नीचे जा रही हैं और भू-राजनीतिक जोखिम भी बढ़ रहे हैं। चीन ने अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने के लिए प्रोत्साहन उपायों के पैकेज के हिस्से के रूप में पिछले महीने अन्य नीतिगत दरों में कटौती के बाद अपनी बेंचमार्क उधार दरों में कटौती की है। उच्च कीमतों और आर्थिक मंदी के कारण सबसे शीर्ष उपभोक्ता चीन में सोने की मांग में कमी आई है।
बीते दिनों के भाव
- 23 अक्टूबर को सोना प्रति दस ग्राम-80,700 चांदी 99 हजार के पार
- 22 अक्टूबर को सोना प्रति दस ग्राम-80,400 चांदी 97,500
- 21 अक्तूबर को सोना प्रति ग्राम-80,400 चांदी 99 हजार
- 20 अक्तूबर को सोना प्रति ग्राम-79,900 चांदी 96,700
- 19 अक्तूबर सोना प्रति ग्राम-79,700 चांदी 96,200
- 18 अक्तूबर सोना प्रति ग्राम-79,500 चांदी 93,400

