जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: प्रदेश में बढ़ती भीषण गर्मी के कारण बच्चों को राहत देने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूलों का समय बदल दिया है। अब बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक पढ़ाई करेंगे। पहले यह समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक था। बदलाव मंगलवार से लागू हो गया है, जबकि कुछ जिलों में अधिकारियों ने अलग से नोटिस भी जारी किया है।
बेसिक शिक्षा निदेशक ने बताया कि गर्मी और हीटवेव को देखते हुए परिषदीय विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक खुलेंगे। पढ़ाई का समय 7:30 से 12:30 बजे तक होगा। प्रार्थना सभा और योगाभ्यास सुबह 7:30 से 7:40 बजे तक आयोजित होंगे, जबकि मध्यावकाश सुबह 10 से 10:15 बजे तक रहेगा।
शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और अन्य कर्मचारी सुबह 7:30 से दोपहर 1:30 बजे तक विद्यालय में रहेंगे और शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं अन्य कार्य संपन्न करेंगे। निदेशक ने कहा कि मान्यता प्राप्त स्कूलों में प्रबंध समिति आवश्यक निर्णय लेने के लिए अधिकृत होगी।
शिक्षक संगठन पहले से ही गर्मी के दौरान स्कूल समय बदलने की मांग कर रहे थे। कुछ जिलों में यह बदलाव पहले ही किया जा चुका था।
गर्मी में 4 घंटे और सर्दी में 5 घंटे स्कूल खुलें
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, प्राथमिक संवर्ग ने आरटीई-2009 के अनुसार शैक्षणिक घंटों को निर्धारित करने की मांग की है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शिवशंकर सिंह का कहना है कि गर्मी में 4 घंटे और जाड़े में 5 घंटे से अधिक स्कूल समय बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए हानिकारक है।
प्रदेश महामंत्री प्रदीप तिवारी ने बताया कि आरटीई के तहत कक्षा 1 से 5 तक 200 कार्यदिवस और 800 घंटे, तथा कक्षा 6 से 8 तक 220 कार्यदिवस और 1000 घंटे निर्धारित हैं।
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में अगले एक हफ्ते तक प्रचंड गर्मी जारी रहेगी। बुंदेलखंड समेत 26 जिलों में मंगलवार के लिए हीटवेव की चेतावनी दी गई है। वहीं, पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर आदि में उष्ण रात्रि की संभावना है, जिससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
सोमवार को प्रयागराज में 44.4°C तापमान दर्ज किया गया, जबकि वाराणसी में 44°C था। हमीरपुर में रात का तापमान 27.2°C दर्ज किया गया। वरिष्ठ वैज्ञानिक के अनुसार शुष्क पछुआ हवाओं और मौसम के प्रभाव से कई जिलों में लू चल रही है और अगले पांच दिन तक मौसम शुष्क रहेगा।
लू की चेतावनी वाले 26 जिले
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, शाहजहांपुर, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर।
उष्ण रात्रि की संभावना वाले जिले
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर।

