जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना तीतरों पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान चोरी के एक वांछित आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी विकास चारण के अनुसार बीती रात पुलिस टीम सालियर तिराहे पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि झिंझाना रोड पर आम के बाग में एक युवक तमंचे के साथ किसी वारदात की फिराक में खड़ा है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्ध युवक ने पुलिस को देखकर फायरिंग कर दी और भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर उसने फिर पेड़ की आड़ लेकर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही दबोच लिया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान फातिर पुत्र हमीद खान निवासी मोहल्ला कोटला, कस्बा गंगोह के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी विकास चारण ने बताया कि आरोपी चोरी के मामले में वांछित चल रहा था। उसके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा व दो खोखा कारतूस और चोरी के 50 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

