- जिनके खिलाफ नहीं कोई मामला राहत को वो गए थे हाईकोर्ट, सोतीगंज की दुकानों को लेकर तस्वीर साफ नहीं
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सोतीगंज में ऐसे दुकानदार जिन पर पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गयी है उनकी दुकान खोलने को लेकर तस्वीर साफ नहीं। दरअसल, ऐसे दुकानदारों की ओर से हाईकोर्ट मे याचिका दायर कर मेरठ के पुलिस प्रशासन को स्पष्ट आदेश देने की गुहार लगायी गयी थी। इस याचिका की सुनवाई के बाद जो आदेश हाईकोर्ट से आया है उससे साफ है कि कोर्ट में गेंद मेरठ के पुलिस प्रशासन के पाले में डाल दी है। याचिका पर सुनाई के बाद कोर्ट ने कहा है कि याचिका दायर करने वाले दुकानदारों को मेरठ के पुलिस प्रशासन के अफसरों के पास जाकर अपनी बात रखनी चाहिए।
बताया गया है कि इससे पहले भी इसी प्रकार की एक याचिका हाईकोर्ट में दायर की जा चुकी है। उस याचिका में भी दुकानदारों को मेरठ के अधिकारियों के समक्ष पक्ष प्रस्तुत करने की सलाह दी गयी थी। वहीं, दूसरी जो दूसरी ऐसे ही मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट की ओर से जानकारी तलब किए जाने के बाद 22 सितंबर 2023 को एसएसपी मेरठ ने शपथपत्र देकर कोर्ट को बताया कि 2 अगस्त 2021 को चलाए गए अभियान के दौरान थाना सदर बाजार के सोतीगंज के कबाड़ियों जुनैद, अरशद, साजिद, नेपाली व रिजवान उर्फ कोनु के यहां से चोरी की गाड़ियों के इंजन व अन्य उपकरण बरामद किए गए थे। इसके बाद आईपीसी की धारा 414, 420 आदि में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसके अलावा सोतीगंज के सभी कबाड़ियो को 91 आईपीसी के तहत नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने व दुकानों का ब्योरा देने को कहा गया था, लेकिन बजाए पक्ष प्रस्तुत करने के दुकानदार वहां से भाग गए। गायब हो गए। वहीं, दूसरी ओर सोतीगंज के जो कबाड़ी अपनी दुकान खोलने को लेकर उत्साहित थे, कोर्ट के आदेश के बाद वो निराश नजर आ रहे हैं। हालांकि उनका कहना कि उनके खिलाफ आज तक कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। किसी मामले से उनका कनेक्शन नहीं। जो लोग गलत काम करते थे वो यहां जा चुके हैं। जिनके खिलाफ कोई मामला नहीं है उन्हें दुकानें खोले जाने की अनुमति दी जानी चाहिए।
कई ठिकानों पर गद्दू को लेकर पहुंची पुलिस
सोतीगंज के साकिब उर्फ गद्दू को लेकर मेरठ पुलिस राजस्थान समेत कई इलाकों में पहुंची और सोमवार को उसको जेल भेज दिया गया। सोतीगंज के होली चौराहा खत्ता के समीप निवासी यूनुस के पुत्र गद्दू को सदर बाजार थाना पुलिस ने विगत 17/18 मई को उठाया था। उससे लंबी पूछताछ की गयी। सूत्रों ने जानकारी दी है कि पूछताछ के दौरान गद्दू ने पुलिस को चोरी के वाहनों को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी। जिन-जिन स्थानों को लेकर जानकारी दी गयी पुलिस उन तमाम स्थानों पर इसको लेकर गयी। हालांकि जैसी उम्मीद की जा रही थी, वैसी बरामदगी नहीं हो सकी। केवल बाइक बरामद हुई बतायी जा रही है। उसी की लिखा पढ़ी कर पुलिस ने गद्दू को जेल भेज दिया।

