- शिकायतों के बाद भी न तो अफसर कुछ कर रहे न ही अभियंता
- चौकी सराय में भी रात के अंधेरे में किया जा रहा है अवैध निर्माण
वरिष्ठ संवाददाता |
सहारनपुर: विकास प्राधिकरण हो या नगर निगम, हाथ छोटी मछलियों पर ही डाला जा रहा। सचाई तो ये है कि शहर भर में अवैध निर्माण हो रहा है और प्राधिकरण के अफसर तथा अभियंता आंख बंद किए हुए हैं। इन दिनों पुल दालमंडी और चौकी सराय में खुले आम अवैध निर्माण किया जा रहा है।
लेकिन, अधिकारियों को इससे कोई लेना-देना नहीं। हां, छोटे निर्माणों पर जरूर चाबुक चलाई जाती है। फिलहाल, लिंक रोड पर भी अवैध निर्माण निर्बाध गति से जारी है। संबंधित अभियंता मोटी रिश्वत ले रहे हैं और सारा खेल खुल्लमखुल्ला हो रहा है।

दरअसल, शहर कोतवाली क्षेत्र के पुल दालमंडी पर एक व्यापारी नेता पूरी की पूरी मार्केट बनवा रहा है। यह व्यापारी नेता वैसे तो नमकीन की दुकान करता है लेकिन, इसके हाथ लंबे बताए जाते हैं। जिस भी पार्टी की सूबे में सरकार होती है, उसमें ही यह पैठ बनाकर दुकानें बनवाता है।
इन दिनों दाल मंडी पुल पर बनाई जा रही मार्केट चर्चाओं में है। अखबारोंं में इस खबर की सुर्खियों ने भी अफसरोंं की आंख नहीं खोली। ऐसा लगता है कि पूरे कुएं में ही भांग पड़ी है। हालांकि, इस अवैध निर्माण की व्यापारी अंजनी देव खुल्लर ने जिलाधिकारी अखिलेश कुमार सिंह से शिकायत की थी। लेकिन यहां पर कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है।
मार्केट बनाने वाला यह शख्स रात में काम करवाता है। सूत्रों का कहना है कि इसमें अभियंता ने मोटी रकम ली है। और निर्माण कार्य न रुकने देने का आश्वासन दिया है। हालांकि, डीएम ने विकास प्राधिकरण के एक इंजीनियर को आदेश दिए थे कि वह मौके का मुआयना करे लेकिन निर्माण अभी तक जारी है। उधर पीड़ित खुल्लर से लखनऊ जाने की तैयारी कर ली है।
कमोवेश यही स्थिति नगर कोतवाली के भीड़भाड़ वाले इलाके चौकी सराय की है। यहां एक जनरल स्टोर में करीब 60 फिट से ज्यादा बड़ा बेसमेंट खोदा जा रहा है। इस इलाके में बेसमेंट बनाने पर पूरी तरह रोक लगी होने के बावजूद रात के अंधेरे में खुदाई चल रही है। पुरानी इमारत में बेसमेंट बनाये जाने के चलते हादसे का भय बना हुआ है। कभी भी इमारत गिरने का खतरा बना हुआ है।
बेसमेंट बनाए जाने से आसपास के लोग डरे हुए हैं। लेकिन, संबंधित अभियंता कुछ नहीं कर रहा। इसी तरह लिंक रोड पर भी अवैध निर्माण किया जा रहा है। अंबाला रोड पर भी। दिल्ली रोरड पर ओएसिस होटल के सामने तीन मंजिला दुकानों का निर्माण करा लिया गया है। दिल्ली रोड पर ही पैगासस अस्पताल से थोड़ा आगे चलकर दाहिने हाथ पर बड़ा वेसमेंट बना दिया गया है। कुल मिलाकर अंधेरगर्दी मची है और अफसर कान में तेल डाल कर बैठे हैं।
अवैध निर्माण की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई हो रही है। अगर ऐसा है तो संबंधित अभियंताओं को भेजकर कार्रवाई कराई जाएगी। -ज्ञानेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष सहारनपुर विकास प्राधिकरण

