जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले को देखते हुए केरल सरकार ने सोमवार को राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशान के निर्देश पर व्यावसायिक कॉलेजों सहित सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। हालांकि, पहले से निर्धारित परीक्षाएं अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी।
राज्य सरकार की ओर से इस संबंध में जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी किए जाने की उम्मीद है। सरकार का मानना है कि देर रात तक चलने वाले फाइनल मुकाबले के कारण छात्रों को अगले दिन सुबह स्कूल और कॉलेज पहुंचने में कठिनाई हो सकती है।
विपक्ष की मांग के बाद लिया गया फैसला
फुटबॉल विश्व कप फाइनल को लेकर विपक्ष और कई अन्य संगठनों ने सरकार से छात्रों के हित में अवकाश घोषित करने की मांग की थी। उनका तर्क था कि फाइनल मुकाबला आधी रात के बाद समाप्त होगा, जिससे विद्यार्थियों को पर्याप्त आराम नहीं मिल पाएगा। पूर्व शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने भी छात्रों की सुविधा का हवाला देते हुए छुट्टी घोषित करने की अपील की थी।
परीक्षाओं के कार्यक्रम में नहीं होगा कोई बदलाव
सरकार ने स्पष्ट किया है कि अवकाश केवल नियमित शैक्षणिक गतिविधियों के लिए रहेगा। जिन परीक्षाओं की तारीख पहले से तय है, वे बिना किसी बदलाव के अपने निर्धारित समय पर ही आयोजित की जाएंगी।
अर्जेंटीना और स्पेन के बीच होगा खिताबी मुकाबला
फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना और स्पेन आमने-सामने होंगे। इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले को लेकर फुटबॉल प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है और देर रात होने वाले मैच को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग तैयारियां कर रहे हैं।

