नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा अंजाम दिए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पूरे देश में प्रशंसा हो रही है। सेना की इस जवाबी कार्रवाई को लेकर भारतीय फिल्म जगत से भी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इस बीच, अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी इस ऑपरेशन को लेकर अपना बयान दिया। ऐसे में चलिए जानते है कि कंगना रनौत ने क्या कहा…
कंगना ने कहा देश युद्ध की स्थिति में…
‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा, ‘देश युद्ध की स्थिति में है और हम सभी घबराए हुए हैं। हमारे सुरक्षा बल हमारी रक्षा करते हैं। भगवान उनकी रक्षा करें। पीएम मोदी ने इस ऑपरेशन का नाम ‘ऑपरेशन सिंदूर रखा’ है। हमारी माताओं और बेटियों को देखते ही उनके पतियों को गोलियों से भून दिया गया। उन मौतों का बदला लिया जा रहा है।’
ट्विटर पर भी किया था पोस्ट
अपने इस बयान से पहले अभिनेत्री ने इस मिशन को लेकर ट्विटर पोस्ट भी किया था। इस पोस्ट में उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया था। कंगना ने अपनी पोस्ट में लिखा था, ‘भारतीय सशस्त्र बलों ने एक सटीक मिशन, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया। पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू और कश्मीर में 9 आतंकी शिविरों को नष्ट कर दिया गया।’
इन सितारों ने जताई खुशी
बुधवार सुबह रितेश देशमुख, निमरत कौर और विनीत कुमार सिंह और अनुपम खेर जैसे एक्टर्स और डायरेक्टर मधुर भंडारकर ने सोशल मीडिया पर इंडियन आर्मी की तारीफ की। बॉलीवुड से लेकर साउथ सिनेमा तक के सितारों ने इस ऑपरेशन पर भारतीय सेना की सराहना की है। सभी ने एक स्वर में कहा कि वह भारतीय सेना के साथ हैं और उनके इस ऑपरेशन की सराहना करते हैं।

