जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: जनपद पुलिस में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने बड़े पैमाने पर उपनिरीक्षकों के तबादले किए हैं। जारी स्थानांतरण आदेश के तहत कुल 44 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इनमें कई चौकी प्रभारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कई उपनिरीक्षकों को पुलिस लाइन, थानों और विभिन्न चौकियों पर तैनात किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार सरसावा थाने से उपनिरीक्षक गौरव कुमार को चौकी प्रभारी कैंप, थाना सदर बाजार बनाया गया है। तल्हेड़ी बुजुर्ग चौकी प्रभारी लोकेश सिंह को खलासी लाइन चौकी, सदर बाजार भेजा गया है, जबकि कुतुबशेर चौकी प्रभारी अतुल कुमार को गोपाली चौकी, थाना देवबंद का प्रभारी बनाया गया है।
गोपाली चौकी से सुंदर सिंह को खानकाह चौकी, संदीप अधाना को खेड़ामुगल चौकी तथा नितिन कुमार को महिला थाना भेजा गया है। पेपर मिल चौकी प्रभारी गजेंद्र सिंह को कैंप चौकी, सदर बाजार तथा पुलिस लाइन से अंकित कुमार को पेपर मिल चौकी का प्रभारी बनाया गया है।
देवबंद क्षेत्र में भी व्यापक फेरबदल किया गया है। पुलिस लाइन से लोकेन्द्र सिंह को मंगलौर रोड चौकी, संजय कुमार को सीडकी चौकी तथा शिवम चौधरी को देवबंद की मकबरा चौकी से गागलहेड़ी थाना भेजा गया है। रणखंडी चौकी प्रभारी रणवीर सिंह का तबादला थाना नकुड़ कर दिया गया है।
इसके अलावा कई उपनिरीक्षकों को बेहट, मिर्जापुर, बड़गांव, गंगोह, सदर बाजार, कोतवाली देहात, जनकपुरी, रामपुर मनिहारान, गागलहेड़ी, फतेहपुर, नागल, मंडी तथा कुतुबशेर समेत विभिन्न थानों एवं चौकियों में नई तैनाती दी गई है। कुछ अधिकारियों को पुलिस लाइन से फील्ड में तथा कुछ को फील्ड से पुलिस लाइन भेजा गया है।
एसएसपी अभिनंदन सिंह द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें। पुलिस महकमे में हुए इस व्यापक फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा प्रशासनिक कार्यों में गति लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

