जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: सहारनपुर-मुजफ्फरनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा तल्हेड़ी बुजुर्ग स्थित एक बैंक के समीप उस समय हुआ, जब उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने हेलमेट पहन रखा था, इसके बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
देवबंद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कपिल देव ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब नौ बजे दोनों युवक बाइक से देवबंद की ओर से सहारनपुर जा रहे थे। तल्हेड़ी बुजुर्ग में बैंक के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटनास्थल पर मिले आधार कार्ड के आधार पर एक मृतक की पहचान कमर आलम निवासी मुरादाबाद के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कपिल देव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

