- पुलिस प्रशासन में हड़कंप, सीओ सिविल लाइन और एलआईयू के अधिकारी मौके पर
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नौचंदी थाना के शास्त्रीनगर एल-2 में बड़ी संख्या में परिवार पलायन की तैयारी में हैं। यहां कई घरों में पलायन की पोस्टर लग गए हैं। यह बात जब पुलिस प्रशासन के अफसरों तक पहुंची तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सीओ सिविल लाइन, नौचंदी पुलिस व एलआईयू के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पलायन की वजह सहारनपुर में तैनात टीएसआई की सगी बहन द्वारा अपना मकान एक मुस्लिम परिवार को बेचना बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार एल ब्लाक-2 सुभाष पार्क शिव मंदिर के समीप लक्ष्मी पत्नी पूरन का परिवार रहता है। उनके दो बेटे अरुण व वरुण हैं। पति की मौत हो चुके है और भाई धीरज सिंह सहारनपुर में टीएसआई है।
बताया जाता है कि लक्ष्मी ने अपना मकान किसी अजहर अली को बेच दिया है। आसपास के लोगों को जब यह जानकारी हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया। लक्ष्मी के भाई धीरज से भी बात की। बताया जाता है कि उन्होंने भी अपनी बहन को काफी समझाया। यहां तक कि उन्होंने लक्ष्मी का मकान खुद भी खरीदने की बात कह दी, लेकिन वह नहीं मानीं। बताया जाता है कि जो मकान अजहर ने खरीदा है उस मकान के पीछे वाला मकान उसके भाई का है।
वहां अभी किराएदार रहते हैं। जब किसी भी तरह बात नहीं बनी तो आसपास के लोगों ने मकान पर पलायन के पोस्टर लगा दिए। पलायन के पोस्टरों की खबर जब जिला मुख्यालय पहुंची तो अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सीओ सिविल लाइन अखिलेश तिवारी, इंस्पेक्टर नौचंदी इलम सिंह व एलआईयू का पूरा अमला पहुंच गया। लेकिन लोगों ने दो टूक कह दिया है कि यदि यह मकान मुस्लिम परिवार ने खरीदा तो यहां से पलायन कर जाएंगे।

