- भविष्य में अतिक्रमण करने पर दी कार्रवाही की चेतावनी
जनवाणी संवाददाता |
नगीना: नगर पालिका परिषद की टीम ने तहसीलदार के निर्देशन में नगर व राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर हो रहे अतिक्रमण को जेसीबी से हटवाया। अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में बाजार व हाईवे पर अतिक्रमण किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शिवरात्रि से पूर्व शुक्रवार की दोपहर तहसीलदार हामिद हुसैन के निर्देशन में नगरपालिका परिषद के कर्मचारियों ने नगीना के मुख्य बाजार, रेलवे स्टेशन, रेलवे क्रॉसिंग के आस-पास हाइवे पर हो रहे अतिक्रमण पर जेसीबी चलाकर अतिक्रमण हटवाया।
इसके बाद नगीना कोतवाली मार्ग पर कताई मिल के सामने हाईवे पर अनाधिकृत रूप से रखे हुए दो लोहे के खोखों पर जेसीबी चलवाकर उन्हें तहस नहस करके नगर पालिका परिषद में लाकर डाल दिया। तहसीलदार हामिद हुसैन ने बताया कि भविष्य में यदि कोई राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर व मुख्य बाजार की सड़कों पर अतिक्रमण करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

