जनवाणी संवाददाता ।
मुजफ्फरनगर: राष्ट्रीय किसान मोर्चा के अध्यक्ष जगबीर सिंह की हत्या के मामले में आरोपी भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत शुक्रवार को कोर्ट में पेश हुए। इस मामले में सीबीसीआईडी का ढीला रवैया बना हुआ है। अदालत की सख्ती के बाद सीबीसीआईडी ने 19 साल बाद तमंचे की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट अप्रैल माह में पेश की गयी थी, जिसके बाद गवाही की प्रक्रिया चल रही है।
बता दें कि किसान नेता जगबीर सिंह की छह सितंबर, 2003 को भौराकलां थाना क्षेत्र के अलावलपुर माजरा गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पूर्व मंत्री एवं रालोद नेता योगराज सिंह ने वारदात में अलावलपुर माजरा गांव के राजीव उर्फ बिट्टू, प्रवीण और सिसौली निवासी एवं वर्तमान भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत को नामजद कराया था। मुकदमे के ट्रायल के दौरान राजीव और प्रवीण की मौत हो चुकी है।

