जनवाणी संवाददाता |
कैराना: 17 जून को बिहार के दरभंगा रेलवे स्टेशन पर हुए पार्सल ब्लास्ट के मामले में एनआइए की टीम द्वारा लगातार कैराना से संदिग्ध युवकों को पकड़ने का सिलसिला जारी हैं। बुधवार को राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनआइए) की 4 सदस्य टीम दो सगे भाईयों नासिर मलिक, इमरान मलिक और कफील अहमद को अपने साथ लेकर कैराना पहुंची। जहां से एनआइए की टीम स्थानीय पुलिस व एक प्लाटून पीएसी को साथ लेकर कैराना के मोहल्ला बिसातियान आलखुर्द स्थित कफील व सलीम टूईया के मकानों पर पहुंची।
मकान के अंदर गिरफ्तारी के संबंध में नक्शा बनाया व जांच पड़ताल की। इस दौरान मौहल्ला छावनी में तब्दील हो गया था। जिसके बाद एनआइए की टीम तीनों आरोपियों को लेकर खुरगान रोड पर पहुंची। जहां पर किराना की दुकान करने वाले एक संदिग्ध युवक को एनआइए की टीम ने हिरासत में ले लिया। एनआइए की टीम व पुलिस चारों को कैराना कोतवाली में लेकर पहुंची।
रास्ते में एनआइए की टीम कुछ देर के लिए छडियान के मैदान के पास भी रूकी तथा कुछ जानकारी ली। कोतवाली में एनआइए की टीम ने हिरासत में लिए गए युवक से घंटो पूछताछ की। पूछताछ के बाद एनआइए की टीम ने युवक को छोड़ दिया तथा पुलिस कस्टडी रिमांड में लिए गए आरोपियों दो सगे भाइयों नासिर मलिक, इमरान मलिक व कफील अहमद को अपने साथ लेकर वापस लौट गई।

