- नामांकन प्रक्रिया में सोमवार को सपा की ओर से विधायक रफीक अंसारी समेत चार ने लिए पर्चे
- अब तक कुल 35 प्रत्याशियों ने लिए नामांकन पत्र
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण के लिए सोमवार को नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन किसी भी प्रत्याशी की ओर से पर्चे दाखिल नहीं किए गए। इस बीच शहर से सपा विधायक रफीक अंसारी ने समाजवादी पार्टी प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र लेते हुए सभी को चौंका दिया। उनके अलावा तीन और प्रत्याशियों ने पर्चे लिए हैं। जिनमें आजाद अधिकार सेना के अखलाक अहमद भी शामिल हैं। अब तक कुल 35 प्रत्याशियों में नामांकन पत्र लिए हैं।
पूर्वान्ह 11 बजे जिलाधिकारी न्यायालय में बनाए गए निर्वाचन कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल करने और परिचय लेने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान दोपहर बाद तीन बजे तक कोई भी प्रत्याशी अपना पर्चा दाखिल करने के लिए नहीं पहुंचा। वहीं सपा विधायक रफीक अंसारी के नाम से सपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र लिया गया। जिसको लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।

गौरतलब है कि सपा की ओर से भानुप्रताप सिंह पहलं ही दिन नामांकन पत्र ले जा चुके हैं। जबकि उनका टिकट होल्ड किए जाने की खबरें पहले से ही चल रही हैं। इनके अलावा अमिताभ ठाकुर की आजाद अधिकार सेना के प्रत्याशी अखलाक अहमद समेत कुल चार पर्चे लिए गए हैं। जिनमें दो निर्दलीय प्रत्याशी संजीव तोमर और प्रदीप कुमार शामिल हैं। रिटर्निंग आॅफिसर, सिटी मजिस्ट्रेट अनिल कुमार ने बताया कि अब तक कुल 35 नामांकन पत्र निर्वाचन कार्यालय से लिए जा चुके हैं।
इस बीच मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल के नामांकन पत्र दाखिल करने और इस दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के मेरठ आगमन की खबरों के चलते कलक्ट्रेट परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं विभिन्न खुफिया एजेंसियों से जुड़े अधिकारी भी कलक्ट्रेट परिसर का जायजा लेने के लिए मौजूद रहे।

