- डाक्टरों पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए किया हंगामा
- पुलिस ने परिजनों को समझाकर किसी तरह शांत किया
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: शहर के गौशाला रोड निवासी सलेकचंद (72) को बवासीर की शिकायत होने पर परिजनों ने शहर के दिल्ली रोड स्थित एक हॉस्पिटल में आपरेशन के लिए भर्ती कराया था। शुक्रवार की सुबह को सलेकचंद का आॅपरेशन हुआ था। परिजनों के कहने पर शुक्रवार रात में चिकित्सक व स्टॉफ अपने-अपने घर चले गए जबकि मरीज नर्सिंग होम में ही भर्ती था। परिजनों का कहना है कि देर रात में अचानक ही मरीज सतलेकचंद की हालत बिगड़ने लगी।
परिजनों के डाक्टरों व स्टॉफ को फोन से सूचना दी लेकिन घंटों तक कोई नहीं आया। जिसके चलते समय पर उपचार न मिल पाने के कारण मरीज की मौत हो गई। शनिवार की सुबह को जब डाक्टर व स्टॉफ नर्सिंग होम में पहुंचे तो परिजनों ने नर्सिंग होम में खूब हंगामा किया। वहीं हंगामें की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुुंची थी। पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझाकर शांत किया। बाद में परिजनों के आग्रह पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर परिजनों को सौंप दिया।

डाक्टरों की तरफ कोई लापरवाही नहीं हुई
नर्सिंग होम संचालिका डाक्टर शमा परवीन ने बताया कि आपरेशन के बाद मरीज ने दोपहर में चार बिस्किट खाया था और उसकी हालत में सुधार आने लगा था। रात में जब परिजनों ने उन्होंने हालत बिगड़ना बताया तो उन्होंने मरीज को किसी फिजीशियन के यहां ले जाने की बात भी कही थी। डाक्टर शमा ने बताया कि हो सकता है मरीज को हार्ट अटैक आया हो लेकिन डाक्टरों की तरफ से कोई लापरवाही नहीं हुई।

