जनवाणी संवाददाता |
पिथौरागढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को उत्तराखंड के दौरे पर हैं। पीएम मोदी सुबह-सुबह पिथौरागढ़ पहुंचे। यहां उनेंने पार्वती कुंड में पूजा अर्चना की के बाद लगभग 4200 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा पहले की सरकारों ने इस डर से बॉर्डर एरिया का विकास नहीं किया कि कहीं दुश्मन इसका फायदा उठाकर अंदर ना आ जाए।
आज का नया भारत पहले की सरकारों की इस डरी हुई सोच को पीछे छोड़कर आगे बढ़ रहा है। वन रैंक-वन पेंशन की उनकी दशकों पुरानी मांग को हमारी ही सरकार ने पूरा किया है। अब तक वन रैंक-वन पेंशन के तहत 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि हमारी सरकार पूर्व सैनिकों को दे चुकी है। इसका लाभ उत्तराखंड के भी 75 हजार से ज्यादा पूर्व सैनिकों के परिवार को मिला है।

पीएम ने कहा, हाल ही में एशियन गेम्स समाप्त हुए हैं इसमें भारत ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पहली बार भारत के खिलाड़ियों ने शतक लगाया। 100 से अधिक मेडल जीतने का रिकॉर्ड बनाया है इस खेल में उत्तराखंड की बेटियां और बेटे भी शामिल थे। पीएम ने कहा कहिाल ही में देश ने लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का बहुत बड़ा ऐतिहासिक फैसला लिया है।
दूर पहाड़ों पर जो लोग रहते हैं हमने उनकी भी चिंता की इसलिए सिर्फ 5 वर्ष में देश में साढ़े 13 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। ये इस बात का उदाहरण है कि भारत अपनी गरीबी मिटा सकता है। पीएम मोदी ने कहा कि मेरा विश्वास है कि ये दशक उत्तराखंड का होने वाला है। उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचे और आप लोगों का जीवन आसान हो इसके लिए हमारी सरकार पूरी ईमानदारी से काम कर रही है।

मोदी ने चीन-पाकिस्तान का नाम लिए बिना भरी हुंकार
पीएम नरेंद्र मोदी ने चीन-पाकिस्तान का नाम लिए बिना एक बार फिर हुंकार भरी है। कहा कि देश की ओर आंख उठाने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएग। पीएम मोदी ने देश के बॉर्डर एरिया पर लेकर अपना प्लान भी शेयर किया। कहा कि आज का भारत न तो किसी से डरता है, और न ही किसी देश को डराता है। कहा कि देश के सीमावर्ती इलाकों में तेजी से विकास कार्यों को किया जा रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि बॉर्डर पर भारतीय सेना की आवाजाही को सुलभ और आसान बनाने के लिए कारगर नीति बनाकर कार्य किया जा रहा है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में गुरुवार को एक सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश के बॉर्डर एरिया में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि देश के सीमावर्ती इलाकों में 4200 किमी से ज्यादा सड़कों का जाल बिछा जा चुका है।
बताया कि देशभर के बॉर्डर एरिया में 250 से ज्यादा पुलों का निर्माण किया जा चुका है, जबकि 22 सुरंग भी बनकर तैयार हो चुकीं हैं। पीएम मोदी ने कहा कि बॉर्डर में ट्रेन को भी पहुंचाया जा रहा है। केंद्र सरकार सीमावर्ती इलाकों में रोड व संचार कनेक्टिविटी बढ़ाने पर फोकस कर ही है। पीएम मोदी का कहना था कि जब वह दुनिया के बड़े-बड़े नेताओं के साथ हाथ मिलाते हैं तो उनकी आंखों में आखं डालकर बात करते हैं।

पीएम मोदी ने आदि कैलाश के विराट दर्शन किए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भारत की आध्यात्मिक भूमि आदि कैलाश पहुंचे। यहां उन्होंने शिव मंदिर में पूजा करते हुए आदि कैलाश के विराट दर्शन किए और देश की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने मंदिर में करीब 25 मिनट तक पूजा-अर्चना और ध्यान किया। आदि कैलाश मंदिर में रं-समुदाय के लामा पुजारियों ने पौराणिक काल से प्रसिद्ध शिव-पार्वती की ‘माटी पूजा’ पूरे विधि विधान के साथ संपन्न की। आदि कैलाश और पार्वती सरोवर के दर्शन कर प्रधानमंत्री अभिभूत हो उठे।
उन्होंने कहा कि आदि कैलाश के दर्शन कर उनका मन प्रसन्न और जीवन धन्य हो गया। उत्तराखण्ड देव भूमि है। यहां कण-कण में देवी देवताओं का वास है। भगवान आदि कैलाश के दर्शन कर उन्हें परम आनंद की अनुभूति हुई है। पीएम मोदी ने कहा कि देवभूमि के मंदिर आस्था ही नहीं आर्थिकी का भी केंद्र हैं। इन मंदिरों से हजारों लोगों की आर्थिकी प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से जुड़ी है। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री को आदि कैलाश और आस-पास के क्षेत्र के बारे जानकारी दी।

सरकार सीमांत के विकास को लेकर गंभीर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन और नेपाल सीमा पर स्थित गुंजी पहुंचकर स्थानीय लोगों से भेंट कर उनसे बात की। पहली बार किसी प्रधानमंत्री के गुंजी पहुंंचने और ग्रामीणों से आत्मीयता से मिलने पर महिलाओं के खुशी में आंसू निकलने लगे। इस दौरान प्रधानमंत्री गांव के लोगोंं से मिले और उनसे बात की। गांव की बुजुर्ग महिला ने तो उनके सिर पर हाथ रख कर आशीर्वाद दिया। इस दौरान अपनी मां के पीठ पर उन्हें देखने आए बच्चे को दुलारा तो एक बच्चे से हाथ मिलाकर सीमावासियों का दिल जीता।
इस दौरान चीन और नेपाल सीमा से लगे साढ़े दस हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित गुंजी में मोदी-मोदी के नारे लगे। समाज के सभी लोग अपनी परंपरागत वेशभूषा में पहुंचे थे और प्रधानमंत्री के सामने महिलाओं ने अपनी बात रखी। पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार सीमांत के विकास को लेकर गंभीर है। सीमांत के विकास में कोई कोर कसर नहीं की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुंजी आगमन पर वहां पर लगी स्थानीय कला और हस्तशिल्प की प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। स्थानीय उत्पादों में एक-एक वस्तुओं के बारे में जानकारी जुटाई। स्थानीय लोगों से वस्तुओं के बारे में पूछा।

खुद ढोल बजाने लगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चीन और नेपाल से लगी त्रिकोणात्मक स्थल गुंजी में भव्य स्वागत हुआ। व्यास घाटी के सात गांवों के ग्रामीणो ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस स्वागत से पीएम भी अभिभूत नजर आए और उन्होंने भी बड़ा नगाड़ा बजाया। इस मौके पर स्थानीय कला के बारे में जानकारी ली। ऊनी वस्त्रों के बारे में स्थानीय लोगों से बात की।

