जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना फतेहपुर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक गौकशी के आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर मुनीश चंद ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी, इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। पीछा करने पर उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई, जिसके बाद बदमाशों ने फिर से पुलिस टीम पर फायर किया, जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।क्षेत्राधिकारी के अनुसार घायल आरोपी की पहचान ईनाम पुत्र बाबू निवासी ग्राम खुजनावर थाना फतेहपुर के रूप में हुई है, जबकि उसका साथी अनीस पुत्र नसीम उर्फ बेला अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।
घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी फतेहपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा गौकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं, साथ ही घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गौकशी और अन्य गंभीर धाराओं में कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

