- सहारनपुर में सब सलामत, शांति से हुई जुमे की नमाज
- पूरे जनपद में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं
जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। कहीं किसी तरह की गड़बड़ी यानि कि धरना-प्रदर्शन या फिर जुलूस व नारेबाजी नहीं हुई। चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात रहा। सब कुछ शांति से निपट जाने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली। पूरे जनपद में कहीं से किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
बता दें कि पिछले जुमे पर सहारनपुर में नवाबगंज की जामा मस्जिद से नेहरू मार्केट तक मुस्लिम धर्मावलंबियों ने जुलूस निकाला था और नारेबाजी की थी। शहर का माहौल बिगड़ते-बिगड़ते बचा था। ऐसे में शासन और प्रशासन 10 जून की पुनरावृत्ति न होने देने के लिए संकल्पित था।
17 जून को जुमे की नमाज को लेकर पूर प्रदेश में अलर्ट घोषित किया गया था। खासकर वेस्ट यूपी में। सतर्कता बढ़ा दी गई थी। मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत के साथ सहारनपुर को संवेदनशील माना जा रहा था। दस जून के बाद लगातार पुलिस प्रशासन शांति समिति, पीस कमेटी और मौजिज लोगों से बात कर शांति व्यवस्था बनाने की अपील कर रहा था। हालांकि धर्म गुरुओं का भी सहारा लिया गया।
मैसेज और वीडियो भी वायरल किये गए थे ताकि लोग शांति बनाए रखें। सहारनपुर की बात करें तो यहां पर जुमे की नमाज को लेकर जोनल, सेक्टर और सब सेक्टर व्यवस्था लागू की गई थी। अधिकारियों ने फ्लैग मार्च किया था। 16 जून को देर रात तक ड्रोन कैमरे उड़ाए गए। अधिकारी से लेकर पुलिसकर्मी तक सड़कों पर रहे। जिलों में धारा 144 लगाई गई है।
संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई थी। अर्ध सैनिक बलों को भी तैनात किया गया था। इसी का नतीजा रहा कि पूरे जनपद में जुमे की नमाज शांति से संपन्न हुई। कहीं भी किसी तरह का उपद्रव नहीं हुआ। बता दें कि डीएम अखिलेश सिंह व एसएसपी आकाश तोमर के नेतृत्व में महानगर के समस्त थानों की पुलिस, पीएसी और आरएएफ ने घंटाघर से पैदल मार्च शुरू किया। दोनों अधिकारियों के नेतृत्व में नेहरू मार्केट, श्रीराम चौक, प्रताप मार्केट, शहीद गंज बाजार, चौक फव्वारा, मोरगंज बाजार, दाल मंडी पुल सहित संवेदनशील इलाकों में पुलिस-फोर्स तैनात रही। इसके अलावा नागरिक सुरक्षा कोर के वार्डन भी सक्रिय रहे। फिलहाल, जुमे की नमाज शांति से निपट जाने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली है। अमन चैन कायम है।

