- भैंसों की कीमत मुआवजे में दिलाने की मांग
जनवाणी संवाददाता |
नगीना/बढापुर: हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटने से एक घर में आग लगने के कारण दो दुधारू भैंसों की जलकर मौत हो गई। तार टूटने से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और बिजली विभाग को तत्काल इसकी सूचना दी गई। उधर बढ़ापुर में भी विद्युत लाइन से करंट लगने से पशुशाला में बंधी भैंस की मौत हो गई।
नगीना के मोहल्ला आजाद कॉलोनी लाइनपार नगीना, कालाखेडी रेलवे फाटक के पास रविवार की रात को मोहल्ले में घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूट कर शीशपाल सैनी पुत्र होरी सिंह सैनी के मकान पर गिरने से घर में आग लग गई।
मकान के अंदर शीशपाल की दो दुधारू भैंस बंधी हुई थी। आग की चपेट में आकर दोनों भैंस की मौत हो गई। तार टूटने से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। रात का समय होने के कारण बड़ी घटना होने से बच गई। पीड़ित शीशराम ने बताया कि दोनों भैंस की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपए थी। पीड़ित ने घटना की तहरीर नगीन उप जिलाधिकारी को दी। विद्युत तार से जलकर मरी दोनों भैंसों की कीमत मुआवजे के रूप में दिलाने की मांग की है।
बढ़ापुर: थाना क्षेत्र के गांव अफजलपुर भाऊवाला में सोमवार को गांव के ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन के विद्युत पोल के पास गांव निवासी मनोज पुत्र रमेश सिंह की पशुशाला में सोमवार को करंट लगने से भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है सोमवार को सवेरे गांव के ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन के अधिकांश खंबे पर फाल्ट होने शुरू हो गए थे।
जिस कारण पूरे गांव में अफरा तफरी मच गई। घटना की सूचना विद्युत विभाग की दी गई। ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति रोष व्याप्त है। ग्रामीणो ने गांव घटनास्थल पर ही विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए गांव के ऊपर से एच टी लाइन हटाने व मृतक भैंस के स्वामी को मुआवजा देने की की मांग की है।

