जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति, प्रतीक यादव का लखनऊ में 38 वर्ष की आयु में निधन हो गया। बुधवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, प्रतीक लंबे समय से फेफड़ों की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे।
प्रतीक यादव को पल्मोनरी एम्बोलिज्म नामक जानलेवा बीमारी थी, जिसमें फेफड़ों की रक्त वाहिकाओं में खून का थक्का फंस जाता है और शरीर में रक्त संचार बाधित हो जाता है। इस बीमारी के लक्षणों में अचानक सांस फूलना, सीने में तेज दर्द, खांसी और ऑक्सीजन स्तर में कमी शामिल हैं।
कुछ समय पहले उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था, लेकिन आवश्यक इलाज पूरा होने से पहले ही वह घर लौट गए। विशेषज्ञों के अनुसार, पल्मोनरी एम्बोलिज्म एक आपातकालीन और जानलेवा स्थिति है, जिसमें तुरंत और विशेष चिकित्सा सहायता की आवश्यकता होती है।
अपर्णा यादव की करीबी मित्र रीना सिंह ने बताया कि चार महीने पहले प्रतीक के फेफड़ों में संक्रमण हुआ था, जिसके लिए ऑपरेशन भी किया गया था। उनकी मौत की खबर सुनकर रीना सिंह सन्न रह गईं और सीधे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचीं।

