जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना मिर्जापुर क्षेत्र स्थित मां शाकुंभरी देवी सिद्धपीठ मंदिर में झंडा मेले का शुभारंभ हो गया। इस अवसर पर सहारनपुर जनपद ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुँच रहे हैं। भीड़ और उत्सव को देखते हुए सहारनपुर पुलिस ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं।मंदिर परिसर और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि मेले को सकुशल सम्पन्न कराया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए कई विशेष कदम उठाए गए हैं।सहारनपुर पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि शोभायात्राओं में लाए जाने वाले डीजे की ऊँचाई अधिकतम 10 फुट और चौड़ाई अधिकतम 12 फुट से अधिक न हो।
प्रशासनिक आदेशों का उल्लंघन करने वाले श्रद्धालुओं के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सभी से अनुरोध किया गया है कि वे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर यात्रा न करें और केवल सुरक्षित व मानक वाहनों का ही प्रयोग करें, जिससे किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।यातायात को नियंत्रित करने के लिए दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें, ताकि मार्ग पर यातायात सुचारु रहे।क्षेत्राधिकारी बेहट मनीष चंद्र ने बताया कि मंदिर परिसर और मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में मेले का आनंद ले सकें।

