- फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए, आत्महत्या की आशंका
जनवाणी संवाददाता |
शामली: जनपद के बॉर्डर वाले गांव में उत्तर प्रदेश पुलिस के एक हेड कांस्टेबल का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस अधीक्षक समेत फोरेंसिक टीम और अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक के पास से एक तमंचा पड़ा मिला और बैग में मोबाइल, स्कूटी पड़ी मिली थी। पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मंगलवार की सुबह को पुलिस को सूचना मिली कि बाबरी थाना क्षेत्र में एक किसान रामवीर निवासी गांव अलीपुर कलां थाना तितावी मुजफ्फरनगर के ईख के खेत में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। जिसके बाद बाबरी पुलिस वहां पहुंची तो मृतक की शिनाख्त हेड कांस्टेबल संदीप कुमार पुत्र चंद्रपाल निवासी गांव हरजोली जट थाना मंगलौर जनपद हरिद्वार के रूप में हुई। हेड कांस्टेबल का शव पड़ा मिलने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। जिसके बाद एसपी अभिषेक, एएसपी ओपी सिंह, सीओ सीटी जितेंद्र सिंह, सीओ थानाभवन श्रेष्ठा ठाकुर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौका मुआयना किया वहीं फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटा है।
मृतक के पास से एक तमंचा मय एक खोखा एक जिंदा कारतूस, एक काला बेग, एक मोबाइल, एक स्कूटी बरामद हुई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

