जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत द्वारा निर्माणाधीन थाना खालापार का निरीक्षण किया गया। एसपी सिटी ने थाने में प्रयोग हो रही सामग्री की गुणवत्ता की बारिकी से जांच की तथा निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ अविलंब पूरा करने के निर्देश सम्बन्धित को दिये गये। इसके उपरान्त पुलिस अधीक्षक नगर महोदय द्वारा पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में संदिग्ध लोगों तथा आपराधिक घटनाओं पर पैनी नजर रखने, शिकायतकर्ता की शिकायत का प्राथमिकता से हल करने सहित अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) नरेन्द्र बहादुर सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर संत प्रसाद उपाध्याय, थाना प्रभारी कोतवाली नगर महावीर सिंह चैहान सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे।
इसके अलावा एसपी सिटी द्वारा खालापार में हिस्ट्रीशीटर अपराधियों का उनके मसकन पर जाकर भौतिक सत्यापन किया गया तथा मौके पर मिले हिस्ट्रीशीटरों को हिदायत दी गयी कि किसी भी प्रकार से अपराध मे संलिप्ता पाये जाने पर सम्बन्धित हिस्ट्रीशीटर के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। सत्यापन के दौरान कुछ हिस्ट्रीशीटर अपराधी घर पर मौजूद नहीं मिलें। पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा उनके परिजनों को निर्देशित किया गया कि हिस्ट्रीशीटरों को तत्काल सूचित करें कि वह थाना कोतवाली नगर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराए।

