जनवाणी ब्यूरो |
शामली: नगर पालिका परिषद शामली के वार्ड 23 के सभासद निशीकांत संगल ने अपने वार्ड में बिना एस्टीमेंड बनाई जा रही सड़क का विरोध करते हुए कार्य रुकवा दिया। वहीं नगर पालिका के निर्माण विभाग के अवर अभियंता ने सड़क निर्माण की कोई जानकारी होने से ही इंकार कर दिया।
रविवार को नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड 23 के सभासद निशीकांत संगल ने वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने देखा कि वार्ड में एक सीसी सड़क को तोडकर नगर पालिका ठेकेदार द्वारा दोबारा सड़क बनाई जा रही है। जिसके बारे में उन्होंने जानकारी चाही तो सड़क का कोई एस्टीमेंड नही बनाया गया और न ही वार्ड सभासद को इसकी जानकारी दी गई।
वार्ड सभासद ने बताया कि नगर पालिका अधिकारी सरकारी पैसे का दुरूपयोग कर बनी बनाई पक्की सड़कों को तोड़कर दोबारा सड़कें बनाई जा रही है। उक्त सड़क में कोई गडढा तक नहीं था फिर भी न तो बोर्ड में पास किया गया और न ही इसका स्टीमेंड बनाया गया। यही नहीं वार्ड सभासद को भी इसकी जानकारी नहीं दी गई, जिससे नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार स्पष्ट जाहिर होता है।
उन्होंने कहा कि ठेकेदार से बात की गई तो उसने भी संतोष जनक जवाब नहीं दिया। इस संबंध में जेई मनोज कुमार से बात की गई तो उन्होंने उक्त सड़क के निर्माण की जानकारी होने से इंकार कर दिया। उन्होने कहा कि मौके पर जाकर मुआयना किया जाएगा और यदि ठेकेदार द्वारा ऐसी लापरवाही बरती गई तो विभागीय कार्रवाई की जायेगी।

