- बसपा ने महापौर के लिए इमरान मसूद की पत्नी शाइमा का नाम घोषित किया
जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: चुनाव तिथियां भले ही अभी तय न हुई हों किंतु अन्य दलों से दो कदम आगे बढ़कर बहुजन समाज पार्टी ने मंगलवार को सहारनपुर नगर निगम के महापौर सीट पर पूर्व विधायक इमरान मसूद की पत्नी शाइमा मसूद को चुनाव लड़ाने की घोषणा कर दी। इसी के साथ सहारनपुर के सियासी प्याले में तूफान उठ खड़ा हुआ है।
बता दें कि आरक्षण को लेकर कोर्ट में दायर याचिका पर एक दिन का समय और बढ़ गया है। मसलन, बुधवार को सुनवाई होगी। इस बीच सर्द मौसम में सहारनपुर में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। मंगलवार को अंबाला रोड स्थित राजमहल होटल में पहुंचे बसपा के पश्चिमी यूपी प्रभारी शमसुद्दीन राइन ने एक सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक इमरान मसूद की पत्नी साइमा मसूद को बसपा से मेयर पद का प्रत्याशी घोषित किया। पत्रकारों से बात करते हुए शमसुद्दीन राइन ने कहा कि बहन जी ने साइमा मसूद के नाम पर पहले से ही मुहर लगाई हुई थी, लेकिन आधिकारिक घोषणा आज हुई है। बाद में पत्रकारों से रूबरू हुए इमरान मसूद ने कहा कि बहन जी के आदेश पर ही शाइमा का नाम घोषित किया गया है।
अब सहारनपुर में सब नीला ही नीला नजर आएगा। यानि कि बसपा का हाथी चिंघाड़ेगा। उधर, शाइमा का नाम घोषित किए जाने से सियासी प्याले में तूफान उठ गया है। बता दें कि सहारनपुर महापौर सीट महिला सामान्य में है। ऐसे में भाजपा, सपा में भी जोर की रस्साकशी चल रही है। इधर, इमरान की पत्नी का नाम घोषित होते ही अन्य दलों की बेचैनी बढ़ गई है। क्योंकि इमरान खुद एक कद्दावर नेता हैं। हाल ही में वह सपा को छोड़कर बसपा में शामिल हुए हैं। सहारनपुर में इमरान की मुसलमानों में बड़ी पकड़ है।
साथ में दलित मतदाताओं के आ जाने से उनका पलड़ा मजबूत नजर आ रहा है। पत्रकार वार्ता में सांसद हाजी फजलुर्रहमान के नहीं पहुंचने के सवाल पर बसपाइयों ने कहा कि वे सदन में हैं और वह पूरी तरह से पार्टी प्रत्याशी के साथ हैं। इस मौके पर जिलाध्यक्ष जनेश्वर प्रसार, वेस्ट यूपी संयोजक इमरान मसूद, नरेश गौतम पूर्व विधायक रविंद्र मोल्हू, अजब सिंह, रागिब अंजुम, विवेककांत समेत कई बड़े नेता मौजूद थे।

