नमस्कार,दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने बीती रात सोशल मीडिया पर एक भावुक और चौंकाने वाला वीडियो साझा कर सनसनी मचा दी। वीडियो में वे फूट-फूट कर रोती नजर आईं और दावा किया कि उन्हें अपने ही घर में वर्षों से मानसिक और भावनात्मक शोषण का सामना करना पड़ रहा है। इस खुलासे के बाद अब पुलिस हरकत में आ गई है और अभिनेत्री के घर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
वीडियो में बयां किया दर्द, बोलीं- “मैं बहुत परेशान हूं”
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो में तनुश्री ने कहा, “मैं पिछले चार-पांच सालों से लगातार टॉर्चर झेल रही हूं। मेरी तबीयत इतनी खराब हो गई है कि अब मैं कोई काम भी नहीं कर पा रही। मेरे घर में मेड्स नहीं टिकते क्योंकि उन्होंने नौकर को प्लांट किया हुआ है। मुझे हर काम खुद करना पड़ता है। मेरे घर के बाहर लोग आते हैं। यह सब बहुत डरावना है।” हालांकि, अभिनेत्री ने वीडियो में यह स्पष्ट नहीं किया कि “वे लोग” कौन हैं और उनके पीछे कौन है।
घर के बाहर से आती हैं अजीब आवाजें, वीडियो में किया दावा
तनुश्री ने एक और वीडियो साझा किया, जिसमें अंधेरे में कुछ अजीबो-गरीब आवाजें सुनाई देती हैं। इस वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “2020 से अब तक मैं लगभग हर दिन अपनी छत और दरवाजे के बाहर तेज धमाकेदार आवाजें सुन रही हूं। मैंने बिल्डिंग मैनेजमेंट से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई हल नहीं निकला। अब मैं हेडफोन में मंत्र सुनकर खुद को शांत रखती हूं। तनाव और एंजाइटी के चलते मुझे क्रोनिक फेटीग सिंड्रोम हो गया है।”
अभी तक नहीं लिया किसी का नाम, एफआईआर में खुलेंगे राज
तनुश्री ने अपने वीडियो में यह भी कहा कि उन्होंने पुलिस से शिकायत की है और जल्द ही वे थाने जाकर विधिवत एफआईआर दर्ज कराएंगी। उन्होंने यह भी इशारा किया कि मामले से जुड़ी और भी जानकारियाँ एफआईआर में सामने लाई जाएंगी।
‘मी टू’ आंदोलन की एक अहम आवाज फिर चर्चा में
अपने पोस्ट में तनुश्री ने फिर से “#MeToo” हैशटैग का इस्तेमाल किया। गौरतलब है कि 2018 में उन्होंने ‘मी टू’ आंदोलन के तहत अभिनेता नाना पाटेकर पर 2008 में फिल्म ‘हॉर्न ओके प्लीज’ की शूटिंग के दौरान यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। हालांकि, मार्च 2024 में अंधेरी कोर्ट ने इस मामले में नाना पाटेकर के खिलाफ केस दर्ज करने से इनकार कर दिया था।
पुलिस ने शुरू की प्राथमिक जांच
सूत्रों के मुताबिक, तनुश्री की शिकायत के बाद पुलिस उनकी बिल्डिंग पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है, और यदि आवश्यकता हुई तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

