जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (IGI Airport) पर शुक्रवार सुबह एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। इस खराबी के चलते 100 से अधिक उड़ानों में देरी हुई है।
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, तकनीकी टीम समस्या को दूर करने में लगातार जुटी हुई है और जल्द ही सिस्टम को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। दिल्ली एयरपोर्ट देश के सबसे व्यस्त हवाईअड्डों में से एक है, जहां से रोजाना करीब 1,500 उड़ानें संचालित होती हैं। ATC सिस्टम में आई खराबी के चलते स्पाइसजेट, इंडिगो, एयर इंडिया और विस्तारा जैसी प्रमुख एयरलाइनों की उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, ऑटोमेटिक मैसेज स्विच करने वाले सिस्टम (AMSS) में गड़बड़ हो गई। यह ऑटो ट्रैक सिस्टम के लिए जानकारी देता है, जो फ्लाइट्स की प्लानिंग शेयर करता है।
इस सिस्टम में गड़बड़ी आने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स को अब उड़ानों के प्लान मैनुअली तैयार करने पड़ रहे हैं, जिससे प्रक्रिया में अधिक समय लग रहा है, इसलिए कई उड़ानें देर से उड़ान भर रही हैं। है। इससे एयरपोर्ट पर ट्रैफिक बढ़ गया और यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा है।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘एयर ट्रैफिक कंट्रोल डेटा को सपोर्ट करने वाली ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम (एएमएसएस) में तकनीकी समस्या के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन में देरी हो रही है। फिलहाल कंट्रोलर उड़ान योजनाओं को मैन्युअल रूप से प्रोसेस कर रहे हैं, जिससे कुछ देरी हो रही है। तकनीकी टीमें सिस्टम को जल्द से जल्द ठीक करने के लिए काम कर रही हैं।’

