जनवाणी संवाददाता |
बढ़ापुर: बीते तीन दिनों से मैदानी सहित पहाड़ी इलाको में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदियों में आए उफान की वजह से नई नवेली दुल्हन को ससुराल के बजाय पति के रिश्तेदार के यहां अपनी पहली रात गुजारनी पड़ी। जबकि ब्याह कर थाना क्षेत्र के गांव चक उदयचंद वापस आ रही बारात में मौजूद सैकड़ों बारातियों को पूरी रात नदी किनारे बरसते खुले आसमान के नीचे गुजारनी पड़ी। दूल्हा दुल्हन सहित बारातियों के अरमानों पर नदी का पानी फिर गया।
इसके अतिरिक्त ग्राम बांसोंवाला में ऊनी नदी का पानी सड़क पर आ जाने के कारण बढ़ापुर आने वाले लोगों को भी रात भर सड़क पर खड़े रहकर रात गुजारनी पड़ी। रात से सवेरे तक बढ़ापुर का संपर्क नगीना सहित अन्य मार्गो से पूरी तरह कटा रहा।

