- किठौर विधानसभा क्षेत्र में सपा प्रत्याशी को मिल रहा सर्वसमाज का समर्थन
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: किठौर विधानसभा सीट से सपा-रालोद के संयुक्त प्रत्याशी शाहिद मंजूर ने कहा है कि लाल-हरा और सफेद रंग मिलकर गठबंधन का तिरंगा बना है। जनता इसी तिरंगे को वोट देकर क्षेत्र और प्रदेश में अपनी सरकार चुनेगी। जनता में नफरत बांटने वालों की करारी हार होगी और विकास के लिए मतदाता वोट करेगा। उन्होंने कहा कि पांच साल में क्षेत्र में विकास कार्य कराने के बजाए भाजपा के विधायक ने जनता को जातियों में बांटने और अपमानित करने का काम किया है। इस बार जाति-धर्म का नाम लेकर वोट मांगने वालों को किठौर विधानसभा की जनता वोट की चोट देकर अपने अपमान का बदला लेगी।
सोमवार को क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों में गठबंधन प्रत्याशी शाहिद मंजूर ने अपने साइकिल निशान पर वोट देने का क्षेत्र के मतदाताओं से आह्वान किया। इस दौरान सर्वसमाज के मतदाताओं ने उनका जोरदार स्वागत कर समर्थन देने का ऐलान किया। माछरा ब्लाक के गुर्जर बाहुल गांव नबीपुर, लालपुर, भावनपुर व शहजादपुर में समाज के जिम्मेदार लोगों ने शाहिद मंजूर को चुनाव में पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया।
वहीं, जेई गांव और नंगला साहू में दर्जनों जगह नोटों की माला पहनाकर वोटरों ने शाहिद मंजूर के पक्ष में मतदान करने की बात कही है। जनता के बीच अपर समर्थन पाकर सपा प्रत्याशी गदगद दिखे। शाहिद मंजूर ने कहा कि क्षेत्र का विकास और जनता का सम्मान उन्होंने हमेशा किया और करेंगे। जो प्यार किठौर क्षेत्र की महान जनता दिया है उकका कर्ज वह पूरे जीवन सेवा करके भी नहीं उतार पाएंगे।

