- पांच लाख का कैश और एक एलईडी चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ बदमाश
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नौचंदी क्षेत्र हापुड़ रोड, अंसारपुरा स्थित प्रतिष्ठान में घुसकर बदमाशों ने 10 लाख की नकदी और एक एलईडी चोरी कर लिया और फरार हो गये। चोरी की घटना अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हालांकि बदमाश मौके पर लगे डीवीआर भी ले गये। घटना के वक्त एक बदमाश चोरी करता दिखाई दिया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल की।
मेडिकल क्षेत्र मयूर विहार निवासी ललित गुप्ता अमूल कंपनी के प्रोपराइटर हैं। व्यापारी का हापुड़ रोड स्थित अंसारपुरा में जयश्री मार्केटिंग के नाम प्रतिष्ठान है। उनके पास अमूल दुग्ध कंपनी के नाम से एजेंसी है। ललित गुप्ता हिन्दू जागरण मंच के महानगर अध्यक्ष हैं। शनिवार की रात साढ़े आठ बजे के आसपास व्यापारी ललित गुप्ता और उनके भाई नवीन शॉप को बंद कर घर चले गये थे। रविवार की सुबह नौ बजे नवीन शॉप पर पहुंचे। उन्होंने शॉप के अंदर कैश बाक्स से नकदी गायब देख भाई ललित गुप्ता को घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और चोरी की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना नौचंदी प्रभारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी की। व्यापारी के अनुसार तीन दिन की सेल का कुल कलेक्शन कैश बाक्स में रखा था। बदमाश शॉप के पीछे की ओर बने गोदाम में एक एक्जास्ट को हटाकर अंदर घुसा और घटना को अंजाम दिया। फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांचपड़ताल की। व्यापारी ने पांच लाख रुपये और एक एलईडी की चोरी की तहरीर पुलिस को दी है।
संयुक्त व्यापार संघ ने दिया अल्टीमेटम
व्यापारी ललित गुप्ता के प्रतिष्ठान में चोरी की जानकारी मिलते ही संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता सहित तमाम व्यापारी मौके पर पहुंचे और पुलिस के समक्ष घटना पर आक्रोश जताया। अध्यक्ष अजय गुप्ता ने थाना नौचंदी पुलिस को घटना के खुलासे का दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। खुलासा न होने पर अांदोलन की चेतावनी दी है। मौके पर सुधांशु, सरदार दलजीत सिंह महामंत्री, अंकुर गोयल, अशोक रस्तोगी, बाबूलाल गुप्ता, सतेन्द्र जी मंत्री, प्रदीप शर्मा, संदीप रेवड़ी, प्रदीप कौशिक, आलोक, मीनल गौतम, सुनील चड्ढा, अंशुल गोयल पूर्व पार्षद आदि अनेक व्यापारी मौजूद रहे।
राज्यसभा सांसद पहुंचे मौके पर
भाजपा राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी और पूर्व विधायक कैंट सत्यप्रकाश अग्रवाल घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारी ललित गुप्ता के यहां पहुंचे और उनसे घटना की जानकारी की। उन्होंने घटना के खुलासे के लिए पुलिस अफसरों से वार्ता करने का आश्वासन दिया। उधर, सीसीटीवी कैमरे में बदमाश कैश बाक्स से नोट चोरी कर जेब में डालता हुआ दिखाई दे रहा है। जिसके बाद यही अंदाजा लगाया जा रहा है कि घटना को एक बदमाश ने अंजाम दिया।

