जनवाणी संवाददाता |
हल्दौर: नहटौर मार्ग पर बूढ़े बाबा मन्दिर के निकट स्थित मोड़ पर तीन वाहनों की आमने सामने की भिड़ंत में नौ लोग घायल हो गये। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भिजवाया जंहा से दो गंभीर घायलों को जिला चिकित्सालय रैफर कर दिया गया।
बुधवार की सुबह करीब 11 बजे कोतवाली निवासी अथर पुत्र शकील, साहिल पुत्र अकरम अरशद पुत्र शकील अपनी फोर्ड एनडीवर गाड़ी से हीमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पिलाना जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब उनकी कार हल्दौर-नहटौर मार्ग स्थित बूढ़े बाबा मंदिर के निकट मोड़ पर पहुची तो चालक तीव्र मोड़ होने के चलते नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार इंडिवर गाड़ी विपरीत दिशा से आ रही बुलेरो में जा घुसी।

भीषण टक्कर से घिसटी बुलेरो में उसके पीछे चल रही एक आल्टो कार भी टकरा गई। तीनो वाहनों की टक्कर में आल्टो सवार ग्राम अखलासपुर निवासी हुकम सिंह, राहुल, हेमेंद्र, मंजीत, सोनू सहित तीनों गाड़ियों में सवार कुल नौ लोग घायल हो गये।

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया। जहा से राहुल व एक अन्य घायल की स्थिति गम्भीर होने की वजह से चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय बिजनौर रेफर कर दिया। पुलिस तीनो दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को थाने ले आई। प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह के अनुसार किसी की और से कोई तहरीर प्राप्त नही है। घायलों को उपचार के लिए भिजवाया गया है।

