- 4 अभियुक्त नामजद,2 अज्ञात सहित 6 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: वन प्रभाग की बढ़ापुर रेंज की खोबरा बीट में वन विभाग की टीम ने छापा मारी कर वन्य जीवों के अंग व सागौन की लकड़ी सहित एक क्वालिस कार बरामद की। मामले में 4 नामजद व 2 अज्ञात सहित 6 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बुधवार को जोनल स्तरीय प्रवर्तन दल ने मुख्य वन संरक्षक ललित कुमार वर्मा के निर्देशन में नजीबाबाद वन प्रभाग की बढ़ापुर रेंज की खोबरा बीट में टीम ने छापे मारी की। जिसमें मौके से एक क्वालिस गाड़ी रजिस्ट्रेशन संख्या यूके08ए जे 4440 में 8 बोटे सागौन तथा सीट के नीचे वन्यजीव अंगों सहित पकड़ा।

मौके पर बरामद गाड़ी में हिरन के सींग भी बरामद हुए है। वन विभाग ने इस मामले मे 4 अभियुक्तों को नामजद व 2 अज्ञात के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26, 41 व 42 वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9( 39) व 51 भारतीय दंड संहिता संहिता 379 व 411 के अंतर्गत अपराध पंजीकृत कर लिया। क्षेत्रीय वन अधिकारी पुष्पेंद्र ने बताया कि अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। प्रवर्तन टीम में कृष्ण कुमार मिश्रा क्षेत्रीय वन अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह, उप क्षेत्रीय वन अधिकारी राजेश शर्मा, वन दरोगा राम चरण सिंह, वन दरोगा व पुलिस टीम रायपुर थाना पुलिस सब इंस्पेक्टर सत्येंद्र सरोहा आदि शामिल रहे।

