जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के काफिले पर हमले के मामले में आज लोकसभा व राज्यसभा में बयान देंगे। ओवैसी पर यूपी के हापुड़ जिले के पिलखुआ थाना क्षेत्र में तीन फरवरी को हमला हुआ था।
अमित शाह राज्यसभा में संभवत:सुबह 11.10 बजे और लोकसभा में अपरान्ह 4.10 बजे बयान देंगे। हमले के मामले में यूपी पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भिजवा चुकी है।
हापुड़ पुलिस ने बनाई जांच कमेटी
इस बीच, हापुड़ पुलिस ने पिलखुआ थाना क्षेत्र के छिजारसी टोल प्लाजा पर ओवैसी पर हुए हमले की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति बनाई है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने सीओ पिलखुवा के नेतृत्व में जांच कमेटी का गठन किया है। इसमें कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के अलावा दो दरोगाओं को शामिल किया गया है।
ओवैसी के ड्राइवर ने दर्ज कराई रिपोर्ट
नेशनल हाईवे स्थित छिजारसी टोल प्लाजा पर बीते बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तोहादुल मुसलमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी की गाड़ी पर दो हमलावरों ने फायरिंग कर दी थी।
पुलिस ने दोनों हमलावरों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें 14 दिन के लिए जेल दिया। ओवैसी के ड्राइवर यामीन द्वारा थाने पर दर्ज कराई गई रिपोर्ट की जांच कोतवाली पिलखुवा निरीक्षक अभिनव सिंह पुंडीर द्वारा की जा रही थी। लेकिन एसपी ने मामले की जांच सीओ पिलखुवा को सौंपी है।
यूपी चुनाव 2022 के बीच ओवैसी पर हमले का मामला गरमा गया है। केंद्र सरकार ने ओवैसी को जेडी श्रेणी की सुरक्षा का फैसला किया है। हालांकि ओवैसी ने सुरक्षा लेने से इनकार किया है।

