जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि प्रदेश में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से बड़ा निवेश आएगा और इससे लोगों को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा। उन्होंने सरकार के दौरों एवं इन्वेस्टमेंट पर सवाल उठाने वालों को जवाब देते हुए कहा कि सैन फ्रांसिस्को की सलोनी हार्ट फाउंडेशन ने 60 मिलियन डॉलर का इन्वेस्टमेंट ही नहीं, बल्कि सीएसआर के माध्यम से पीजीआई लखनऊ को देने की बात कही है, इसका ओएमयू हुआ है।
इसके साथ ही हीरानंदानी ग्रुप का लंदन में योगी सरकार के पक्ष में बोलना भी इस बात का उदाहरण है कि दुनिया के लोगों का उत्तर प्रदेश के बारे में अवधारणा बदली है। आज दुनिया भर के लोग योगी जी की सरकार में उत्तर प्रदेश में इन्वेस्टमेंट करने के लिए उत्साहित हैं। उनके अंदर यह विश्वास बना है कि योगी सरकार में उत्तर प्रदेश में न केवल स्थिति में सुधार हुआ है बल्कि उत्तर प्रदेश का कंप्लीट ट्रांसफार्म हुआ है। यह उत्तर प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है कि प्रदेश को योगी आदित्यनाथ जैसा मुख्यमंत्री मिला है।
सुरेश कुमार खन्ना ने गुरुवार को मीडिया प्रतिनिधियों से बात करते हुए कहा कि दुनिया और हिंदुस्तान के इन्वेस्टर्स में एक नया विश्वास जगा है और वे हर तरफ से सुरक्षा की दृष्टि से इन्वेस्टमेंट के लिए बेहतर स्थान समझ रहे हैं। इन्वेस्टर्स अपने मुंह से इस बात की प्रशंसा भी कर रहे हैं और स्वयं यहां इन्वेस्टमेंट करने के लिए इच्छुक भी हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में उत्तर प्रदेश का विकास हुआ। यूपी की बड़ी उपलब्धि है कि आज लोग उत्सुक हैं की वे योगी सरकार में प्रदेश में उद्योग लगाएं और निवेश करें।

