जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: जालौन जनपद के कालपी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। जोल्हुपुर मोड़ के पास हुए इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
अयोध्या से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ललितपुर जनपद के महरौनी निवासी शशिकांत तिवारी अपने परिवार के साथ अयोध्या दर्शन करने गए थे। लौटते समय उनकी कार जैसे ही सुबह करीब 6 बजे जोल्हुपुर मोड़ के पास पहुंची, चालक को झपकी आ गई और वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से टकरा गया।
मौके पर ही 4 की मौत, 2 ने अस्पताल में तोड़ा दम
टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार में फंसे लोगों को निकालने में करीब एक घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।
एक ही परिवार के 10 लोग थे सवार
कार में कुल 10 लोग सवार थे, जिनमें शशिकांत तिवारी, कृष्णकांत, दीपक तिवारी, हरिमोहन तिवारी, भूषण तिवारी, अंशुल तिवारी, स्वामी प्रसाद तिवारी, मनोज और देशराज शामिल बताए जा रहे हैं। सभी एक ही परिवार के सदस्य थे।
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कालपी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप
घायलों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन इमरजेंसी के बाहर वार्ड बॉय न होने के कारण एम्बुलेंस में ही मरीज करीब 10 मिनट तक तड़पते रहे। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकालकर इलाज के लिए भर्ती कराया गया। सभी घायल फिलहाल जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।

