जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: अमेरिका के वॉशिंगटन में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कई देशों से आने वाले लोगों के प्रवासन पर रोक को बनाए रखा है। यह कदम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवाद और चिंता का विषय बन गया है। ट्रंप प्रशासन ने तीसरी दुनिया के देशों से प्रवासन को स्थायी रूप से रोकने के अपने रुख को दोहराया। संयुक्त राष्ट्र (यूएन) की कई एजेंसियों ने अमेरिकी प्रशासन से अपील की थी कि शरणार्थियों को अमेरिका में प्रवेश की अनुमति दी जाए, लेकिन यह अपील ठुकरा दी गई।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में जारी अपने प्रवासन प्रतिबंध को सही ठहराया है। इस प्रतिबंध के तहत तीसरी दुनिया के देशों, खासकर युद्धग्रस्त और आर्थिक रूप से कमजोर देशों के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर रोक लगाई गई है। ट्रंप ने अपने हालिया पोस्ट में इस कदम को आव्रजन एवं राष्ट्रीयता अधिनियम की धारा 212 (F) के तहत उचित ठहराया।
धारा 212(F) राष्ट्रपति को अधिकार देती है कि वह किसी भी आवेदक या आवेदकों के किसी वर्ग के प्रवेश को निलंबित कर सकते हैं। इसके तहत राष्ट्रपति यह निर्णय ले सकते हैं कि किन आवेदकों पर प्रवेशन प्रतिबंध लगाया जाए, जिसे वह उचित समझें। यह प्रतिबंध उस अवधि के लिए लागू किया जा सकता है, जब राष्ट्रपति यह निर्धारित करें कि आवेदकों का प्रवेश अमेरिका के हितों के लिए नुकसानदायक होगा।
ट्रंप ने आईएनए की धारा 212 (एफ) का हवाला देते हुए कहा, “जब भी राष्ट्रपति को लगता है कि किसी विदेशी या किसी वर्ग के विदेशी का संयुक्त राज्य अमेरिका में प्रवेश संयुक्त राज्य अमेरिका के हितों के लिए हानिकारक होगा, तो वह घोषणा करके, और आवश्यक समझे जाने वाली अवधि के लिए, सभी विदेशी या किसी वर्ग के विदेशी अप्रवासी या गैर-अप्रवासी के रूप में प्रवेश निलंबित कर सकते हैं, या विदेशियों के प्रवेश पर कोई भी प्रतिबंध लगा सकते हैं, जिसे वह उचित समझें।
ट्रंप प्रशासन ने शुक्रवार को आव्रजन प्रतिबंधों को और कड़ा कर दिया और विदेश विभाग के निर्देश के बाद सुरक्षा उपायों की एक श्रृंखला लागू की, जिसके तहत अफगान पासपोर्ट रखने वाले सभी यात्रियों के लिए वीजा जारी करने पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में इस फैसले का एलान करते हुए कहा, ‘राष्ट्रपति ट्रंप के विदेश विभाग ने अफगान पासपोर्ट पर यात्रा करने वाले सभी व्यक्तियों के लिए वीजा जारी करने पर रोक लगा दी है।’
उन्होंने कहा, ‘संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए अपने राष्ट्र और अपने लोगों की सुरक्षा से बड़ी कोई प्राथमिकता नहीं है।’ अधिकारियों ने इस निर्णय को व्हाइट हाउस के निकट बुधवार को हुई गोलीबारी की व्यापक प्रतिक्रिया का हिस्सा बताया, जिसमें दो नेशनल गार्ड सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

