- पुलिस ने दोनो शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया
जनवाणी संवाददाता |
खतौली: कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार की देर रात अलग-अलग स्थानों पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जिसमें बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वही पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है। कोतवाली पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। उधर दो युवकों की मौत से उनके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार चरथावल थाना क्षेत्र गांव पिलखनी निवासी 25 वर्षीय जोनी पुत्र सोमपाल गुरुवार की देर रात बाइक पर नोएड़ा से अपने भाई बोबी के साथ चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग से घर जा रहा था। इस दौरान जैसे ही वे बाइक लेकर खतौली में बालाजीपुरम कालोनी के पास पहुंचे तभी उनकी बाइक कावड़ पटरी मार्ग पर खड़े ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई।
हादसे में जोनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई बॉबी गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर हादसे की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। परिजनों ने बताया कि मृतक जोनी अपने भाई के साथ नोएड़ा में सी-14 सेक्टर 67 में यूकेबी प्राइवेट कंपनी में काम करता था। कंपनी में वह आपरेटर था।
दोनों भाई आइटीआइ की परीक्षा देने आ रहे थे। वहीं दूसरी तरफ भैसी पैट्रोल पंप के हादसे में रोहित पुत्र जगरुप सिंह निवासी पुरसल साद नंगली अमरोहा की मौत हो गई। रोहित सराय रसूल पुर मार्ग पर रेलवे फाटक के पास बन रहे फ्लाइओवर पर काम करता था। वह गुरुवार की रात बाइक पर खतौली जा रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर, चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग पर रेलवे पुल के पास कार की टक्कर से गांव सराय रसूलपुर निवासी नसीमुद्दीन पुत्र नसरुद्दीन घायल हो गया। राहगिरों ने घायल को सरकारी अस्पताल पर भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। दो युवकों की मौत से उनके परिजनों में कोहराम मचा हुआ था। परिजनों ने घटना की कोतवाली में तहरीर दी है।

