- किशोर की मौत से परिजनों में मचा कोहराम, विरोध में ग्रामीणों ने लगाया जाम
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: रविवार शाम सरधना-नानू मार्ग पर पेपर मिल के निकट अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन किशोरों को रौंद दिया। हादसे में दो किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही शव के पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। वहीं, घटना के विरोध में ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाया।
रविवार को मंढियाई गांव निवासी शाहरुख पुत्र यूसुफ अपने भाई रेहान व मोनू पुत्र खिलारी के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से सरधना गया था। शाम को वह वापस जा रहे थे। इस दौरान वह जैसे ही मेरठ रोड पर पेपर मिल के निकट पहुंचे तो अज्ञात वाहन उनको कुचलते हुए निकल गया।
हादसे में मोनू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि शाहरुख व रेहान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को राहगीरों ने सीएचसी पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान शाहरुख की भी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। दो किशोर की मौत से उनके परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक पक्ष ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी है।

