जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मंगलवार को यूपी पीसीएस 2020 परीक्षा परिणाम जारी किया गया जिसमें शहर के होनहार ने परचम लहराया। उदित की यूपी-पीसीएस में प्रदेश में पांचवी रैंक है।
गोटका निवासी एवं वर्तमान में रुड़की रोड स्थित विवेक विहार कॉलोनी में रहने वाले उदित पवार ने यूपी पीसीएस की परीक्षा में पांचवा स्थान प्राप्त किया है। वे डिप्टी कलेक्टर बने हैं। उदित पवार ने 12वीं वेस्ट एंड रोड स्थित दीवान पब्लिक स्कूल से की। इसके बाद उन्होंने आईआईटी गुवाहाटी से मैकेनिकल में बीटेक किया।
एक साल प्राइवेट जॉब करने के बाद वह कई साल से घर पर रहकर सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे थे। सोमवार देर शाम जारी हुए रिजल्ट में उनको प्रदेश में पांचवा स्थान प्राप्त हुआ है। उदित के पिता उपेंद्र कुमार प्राइवेट सेक्टर में जॉब करते हैं माता अनीता ग्रहणी हैं।

सचिन कसाना शिक्षक से बने पीईएस
माछरा ब्लॉक में डेयरियो रछौती निवासी सचिन कसाना उत्तर प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन(यूपीपीएससी) के जरिए पीईएस में चयनित हुए हैं। सचिन का चयन वरिष्ठ प्रवक्ता, बीएसए और असिस्टेंट डीआईओएस में से किसी एक पद के लिए किया जाएगा।
पहले प्राइमरी स्कूल और वर्तमान में अमरोहा में जूनियर में शिक्षक सचिन कसाना ने तीसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की है। सिविल एकेडमी के छात्र सचिन कसाना ने सफलता का श्रेय निदेशक अभिषेक शर्मा को दिया है। सचिन के पिता अजब सिंह गन्ना विभाग में कार्यरत हैं जबकि माता शिमला कसाना गृहिणी हैं।
जीआईसी से 10-12वीं करने के बाद सचिन ने मेरठ कॉलेज से 2009 में बीएससी किया। 2011 में डीएन कॉलेज से बीएड और 2015 में एनएएस से एमए की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद सचिन का चयन प्राइमरी स्कूल के लिए हुआ। सचिन के अनुसार वे शिक्षा में प्राप्त अनुभवों को यूपीपीएससी में प्रयुक्त करेंगे। सचिन के अनुसार यहां काम करने के विविध मौके हैं।

