- चौकी इंचार्ज को हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे भाजपा कार्यकर्ता
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: हापुड़ रोड पर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक भाजपा नेता की बाइक का चालान काट दिया। जिस पर भाजपा नेता ने वहां हंगामा करते हुए अपने साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने चौकी पर जमकर हंगामा करते हुए पुलिसकर्मियों से भी अभद्रता करते हुए चौकी इंचार्ज को हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे सीओ सिविल लाइन ने किसी तरह मामला शांत कराया।
सोमवार रात में थान सिविल लाइन क्षेत्र की हाशिमपुरा चौकी पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान भाजपा के मंडल अध्यक्ष नरेश गुप्ता अपनी बाइक पर सवार होकर वहां से निकल रहे थे। इसी दौरान वाहन चेकिंग कर रही चौकी पुलिस ने उन्हें रोक लिया और हेलमेट व अन्य कागजात नहीं होने पर उनकी बाइक का चालान काट दिया। जिस पर नरेश गुप्ता ने वहां हंगामा कर दिया और अपने साथियों को मामले की जानकारी दी।
इसके कुछ देर बाद ही वहां दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता पहुंच गए और हंगामा करते हुए चौकी के सामने ही धरने पर बैठ गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने चौकी इंचार्ज को हटाने की मांग को लेकर धरने पर ही बैठे रहे। काफी देर तक चले हंगामे के बाद सीओ देवेश कुमार वहां पहुंचे और किसी तरह भाजपा कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता चौकी इंचार्ज को हटाने की मांग पर अड़े रहे। हालांकि सीओ देवेश कुमार ने मामले की जांच कर चौकी इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन देते हुए मामला शांत कराया।

