- थाने तक पहुंचा झगड़ा, तहरीर पर पुलिस बोली-पहले जांच
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर प्रांगण में भगवान जगन्नाथ मंदिर सेवा ट्रस्ट द्वारा गठित समिति की आमसभा आयोजित की गई। सदर स्थित प्राचीन बिल्लवेश्वर नाथ मंदिर में रविवार को एक महिला अधिकवक्ता ने जमकर हंगामा किया। हर साल मंदिर से निकाली जाने वाली शोभायात्रा की तैयारियों पर चर्चा के लिए आयोजन समिति से जुड़े लोगों की एक बैठक चल रही थी। जो बैठक कर रहे थे उन्होंने जानकारी दी कि रथयात्रा निकाले जाने के अधिकार को लेकर जो विवाद था, उसमें प्रशासन ने उन्हें रथयात्रा निकालने की अनुमति दे दी है।
अनुमति के बाद आज रविवार को मंदिर परिसर में तैयारियों पर चर्चा के लिए बैठक करने पहुंचे थे। यहां कुछ बैनर आदि लगाए थे। उसी दौरान वहां अधिवक्ता राशि शर्मा आ गयीं। आरोप है उनके आने के बाद वहां हंगामा शुरू हो गया। आरोप है कि पंडित विष्णु शर्मा व गणेश शर्मा व उनकी पुत्री राशि शर्मा व पत्नी आदि ने समिति के सदस्यों के साथ अभद्रता की गाली-गलौज की जान से मारने की धमकी दी। हंगामे की सूचना पर वहां पुलिस भी पहुंच गयी। इस मौके सभा करने के लिए मंदिर में पहुंचे अध्यक्ष विजय गोयल, कोषाध्यक्ष पवन गर्ग,
महामंत्री सुरेन्द्र सिंधु, मुख्य संयोजक गणेश अग्रवाल व विवेक रस्तौगी, नितिन बालाजी, संरक्षक डॉ. संजय जैन, अनिल जैन, सूरज गुप्ता, संजय गुप्ता, कमल नयन बिंदल, राजीव मित्तल, कुंवरपाल सिंह, राजेश खन्ना, सुमित गोयल, नीरत राठौर, अजय जैन, कमल काम्बोज, अनिल कंसल, प्रशांत जैन, नितिन गर्ग, पंकज गुप्ता, सुशील बाबा आदि भी उपस्थित रहे। इंस्पेक्टर सदर शशांक द्विवेदी ने बताया कि महिला अधिवक्ता राशि ने तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है।
महिलाओं पर लगाया मारपीट का आरोप
भगवान जगन्नाथ स्वामी मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र वर्मा ने रविवार को मंदिर परिसर में हुए घटनाक्रम को लेकर दूसरे पक्ष के इतर दी तहरीर में दूसरे पक्ष पर मंदिर में जबरन घुसकर मंदिर के पुजारी व उनके परिवार की महिलाओं से अभद्रता करने का आरोप लगाया है। तहरीर में कहा गया है कि पुजारी विष्णु दत्त की पत्नी पूनम व बेटी राशि से गाली गलौच की गयी। 15 मार्च की आमसभा में चुनी गयी समिति के द्वारा लगाए गए बैनर आदि फाड़ दिए। तहरीर में कहा गया है कि यह मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है। जिस समिति की बात विपक्षीगण कर रहे हैं उसकी ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र को भी डिप्टी रजिस्ट्रार ने अस्वीकृत कर दिया है। तहरीर में कार्रवाई की मांग की गई है।
पंचायत बनी युद्ध का मैदान तलवार और लाठी-डंडे चले
टीपीनगर थाना क्षेत्र के मलियाना में रविवार शाम दो पक्षों में चले आ रहे मनमुटाव को खत्म कराने के लिए बुलाई गई पंचायत जंग का मैदान बन गयी। जमकर लाठी-डंडे, तलवार और पत्थर चले, जिसमें कई महिलाओं सहित दर्जनभर लोग घायल हो गये। घायलों में सर्वाधिक संख्या पंचायत में मौजूद तमाशबीनों को आई है, जिनकी पुलिस डाक्टरी करा रही है।
मलियाना निवासी धर्म सिंह शादी समारोह में ढोल बजाने का काम करते हैं। रविवार की धर्म सिंह के पास बुकिंग थी लेकिन जब वह पहुंचे तो देखा कि मलियाना का ही बबली व उसका बेटा पृथ्वी पहले से ढोल बजा रहे हैं।
इस पर धर्म सिंह का उनसे विवाद हो गया। तब तो लोगों ने मामला शांत करा दिया लेकिन शाम को दोनों पक्ष फिर आमने सामने आ गये। काफी समय पहले से दोनों पक्षों में विवाद चला आ रहा है। इसी के चलते क्षेत्र के कुछ तथाकथित नेताओं को लगी तो उन्होंने दोनों पक्षों की पंचायत कराने का फरमान सुना दिया। एक जगह निर्धारित हो गयी और दोनों पक्षों के लोग वहां बैठकर बात करने लगे। लोगों की भी अच्छी खासी भीड़ लगी थी। इस दौरान अचानक किसी बात को लेकर दोनों पक्षों का पारा चढ़ गया। हालात यह हो गये कि भीड़ की मौजूदगी में दोनों पक्ष आपस में भिड़ गये और हाथापाई शुरू हो गयी। तभी एक पक्ष लाठी-डंडे ले आया।
यह देख दूसरे पक्ष ने भी मोर्चा संभाल लिया और पथराव शुरू कर दियो। इसके बाद अफरातफरी मच गई। पत्थर बाजी होते देख लोग जान बचाकर भागने लगे। पंचायत बुलाने वाले भी गायब हो गये। तभी किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पाकर टीपीनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लाठी फटकारते हुए भीड़ को तितर बितर कर दिया। तब तक काफी लोग पथराव में घायल हो चुके थे। पुलिस दोनों पक्षों के साथ घायलों को भी लेकर थाने आ गयी और वहां से डाक्टरी के लिए भिजवा दिया। पूछताछ में सामने आया कि पथराव में धर्म सिंह, बबली और पृथ्वी तो घायल हुए ही हैं, जो लोग पंचायत देख रहे थे, वह भी घायल हुए हैं। इन लोगों की पहचान आकाश, गोविंदा, संगीता, मीरा, जितेंद्र, राधे के रूप में हुई है। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गयी है।

