- दो दिन में हादसों में एक महिला की मौत, एक दर्जन घायल हुए
- दिन निकलते ही श्रद्धालुओं की कार में पिकअप ने मारी टक्कर
जनवाणी संवाददाता |
शामली: बलवा बाइपास चौराहे पर हादसों के विरोध में भाकियू के नेतृत्व में ग्रामीणों ने हंगामा प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया। दो दिन से हो रहे हादसों में एक महिला की मौत और एक दर्जन लोग घायल हो चुके हैं। सोमवार को दिन निकलते ही श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी में पिकअप ने टक्कर मार दी जिसमें घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया जहां से गंभीर हालत में उन्हें मेरठ रैफर कर दिया गया। वहीं जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा इंतजाम करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
सोमवार की अलसुबह हरियाणा राज्य के जनपद पानीपत क्षेत्र के गांव बुसाना निवासी बलराम दास पुत्र महावीर दास, पानीपत के ही असंद रोड निवासी बलवान पुत्र अमर सिंह और रामचंद्र पुत्र अमर सिंह निवासी शक्ति कॉलोनी पानीपत इको कार में सवार हो हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। बताते हैं कि जैसे ही कार सवार शामली कोतवाली क्षेत्र में बलवा बाइपास चौराहे पर पहुंची तो सामने से तेज गति से आ रही फलों से भरी महिंद्रा पिकअप गाड़ी से इको कार की जोरदार भिड़ंत हो गई।
जिसमें करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। अधेड बलराम दास, बलवान और रामचंद्र और पिकअप सवार चालक व अन्य समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से तीनों श्रद्धालुओं को गंभीर हालत में मेठ रैफर कर दिया गया। जानकारी मिलने पर श्रद्धालुओं के परिवार से कपिलदास महाराज भी अस्पताल में पहुंचे और तीनों को अपने साथ ले गए।

